
मुंबई : (Mumbai) अभिनेता रणवीर सिंह और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (actor Ranveer Singh and the Federation of Western India Cine Employees) (FWICE) के बीच चल रहा विवाद अब कानूनी लड़ाई में बदलता नजर आ रहा है। ‘डॉन 3’ (Don 3) से रणवीर के बाहर होने के बाद संगठन द्वारा जारी असहयोग निर्देश के खिलाफ अभिनेता ने एफडब्ल्यूआईसीई को कानूनी नोटिस भेजा है।
रणवीर सिंह का आरोप है कि संगठन ने उनका पक्ष सुने बिना एकतरफा कार्रवाई की, जिससे उनकी पेशेवर छवि को नुकसान पहुंचा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, नोटिस मंगलवार को भेजा गया, हालांकि इसकी विस्तृत जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर रणवीर सिंह और निर्माता-निर्देशक फरहान अख्तर (Ranveer Singh and producer-director Farhan Akhtar) के बीच मतभेद पिछले कुछ समय से चर्चा का विषय बना हुआ हैं। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि रचनात्मक असहमति, प्रोडक्शन में देरी और स्क्रिप्ट को अंतिम रूप न दिए जाने के कारण अभिनेता ने फिल्म से अलग होने का फैसला लिया था। इसके बाद फरहान अख्तर की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट ने कथित तौर पर 45 करोड़ हर्जाने की मांग की, जिसके बाद मामला और अधिक विवादित हो गया।
विवाद बढ़ने पर एफडब्ल्यूआईसीई ने रणवीर के खिलाफ असहयोग निर्देश जारी किया था। हालांकि, अभिनेता की ओर से जारी बयान में कहा गया कि वे इस मामले को सार्वजनिक बहस का विषय नहीं बनाना चाहते और पेशेवर विवादों का समाधान आपसी बातचीत से होना चाहिए।
इस बीच, रणवीर की आगामी फिल्म ‘प्रलय’ (Pralay) को लेकर भी अटकलें तेज हो गई थीं, लेकिन सूत्रों का दावा है कि इस विवाद का फिल्म की शूटिंग पर कोई असर नहीं पड़ेगा। जय मेहता के निर्देशन (Directed by Jay Mehta) में बनने वाली यह फिल्म अगस्त से फ्लोर पर जाने की तैयारी में है।


