spot_img

Mumbai : राकांपा नेता जीतेंद्र आव्हाड की कार पर हमला, बाल-बाल बचे आव्हाड

मुंबई : राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा एसपी) के नेता और पूर्व मंत्री जीतेंद्र आव्हाड की कार पर गुरुवार को सुराज्य संगठन के कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। इस हमले में जीतेंद्र आव्हाड बाल-बाल बच गए लेकिन कार क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना के बाद ठाणे में स्थिति तनावपूर्ण है।

जीतेंद्र आव्हाड गुरुवार को ठाणे में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर अपने घर लौट रहे थे। उसी समय उनकी कार पर सुराज्य संगठन के कार्यकर्ताओं ने हमला किया। हमले के दौरान पुलिस की संरक्षक जीप भी मौके पर मौजूद थी लेकिन पुलिस सिर्फ मूकदर्शक बनी रही। इस हमले के बाद सुराज्य संगठन के धनंजय जाधव ने हमले की जिम्मेदारी ली। जाधव ने पत्रकारों को बताया कि जीतेंद्र आव्हाड ने सुराज्य संगठन के अध्यक्ष संभाजी राजे छत्रपति के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसी वजह से यह हमला किया गया है।

राकांपा एसपी की प्रवक्ता विद्या चव्हाण ने इस घटना की तीव्र भर्त्सना की है। उन्होंने कहा कि राज्य में अब विधायक भी सुरक्षित नहीं हैं। दो दिन पहले विधायक अमोल मिटकरी पर हमले का प्रयास किया गया और उनकी गाड़ी तोड़ी गई, आज जीतेंद्र आव्हाड पर हमले का प्रयास किया गया और उनकी कार तोड़ी गई। किसी को किसी भी बयान की नाराजगी है तो उस पर चर्चा की जानी चाहिए, हमला किसी समस्या का समाधान नहीं हो सकता। विद्या चव्हाण ने कहा कि संभाजी राजे छत्रपति को इसका जवाब देना चाहिए। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि प्रदेश में विधायक भी सुरक्षित नहीं हैं। नाना पटोले ने कहा कि ये सब गृह मंत्री देवेन्द्र फड़णवीस के समय में हो रहा है।

Explore our articles