मुंबई: (Mumbai) समय-समय पर समाज हित के मुद्दों को उठाने वाले अभिनेता राज बघेल (Actor Raj Baghel) ने मांग की है कि राज्यसभा की भांति विधान परिषद में राज्यपाल या शासन द्वारा नामांकित विधायकों के चुनाव हों, जिनके माध्यम से जनता की मांगें सीधे तौर पर सरकार तक पहुंच सकें। वर्तमान समय में छत्तीसगढ़ में नई सरकार के गठन के साथ राज बघेल ने खेल, कला से जुड़े लोगों के विकास और आर्थिक उत्थान के लिए नई योजनाओं को सरकार के समक्ष पुनः रखने का निर्णय लिया है। अभिनेता बघेल ने छत्तीसगढ़ सरकार से मांग किया है कि राज्यसभा की भांति विधान परिषद में राज्यपाल या शासन द्वारा नामांकित विधायकों के चुनाव होने चाहिए। उन्होंने उच्च शिक्षा पर जोर डालते हुए कहा कि बहुत से खिलाड़ी और कलाकार ग्रेजुएशन या इससे अधिक शिक्षा ली हुई है। विधान परिषद में ऐसे खिलाड़ी और कलाकारों को सीधे राज्यपाल के माध्यम से एमएलसी चुना जाना चाहिए। इनमें जिस क्षेत्र का प्रत्याशी हो, उसे, उसी क्षेत्र से जुड़े लोग ही चयनित करें।
मुंबई में रहने वाले अभिनेता, निर्माता और सामाजिक कार्यकर्ता राज बघेल छत्तीसगढ़ के मुंगेली के मूल निवासी हैं। अभिनेता बघेल, छत्तीसगढ़ की लोककला, भाषा, खेल, लोकगीत, संस्कृति, पोशाक, संस्कार, खानपान और प्रकृति के विकास और वृद्धि के लिए प्रयास करते रहते हैं। उन्होंने लोक कलाकारों, स्थानीय खिलाड़ियों और गायकों के विकास, आर्थिक उन्नति और उत्थान के लिए पहल की है। इस कार्य के लिए वे कई बार उच्च वर्ग के लोगों और राज्य सरकार से निवेदन कर चुके हैं। हालांकि उनकी इन मांगों पर अब तक सरकार उदासीन रही है। राज बघेल का कहना है कि छत्तीसगढ़ के खेल, कला, संस्कृति से जुड़े लोगों के कार्यों की उचित सराहना नहीं की जा रही है। इस क्षेत्र में रहते हुए उन्हें पर्याप्त आमदनी नहीं मिल पा रही है, जिससे वे आर्थिक दृष्टि से कमजोर हो रहे हैं। साथ ही उन्हें किसी प्रकार की आर्थिक सहायता भी नहीं मिल पा रही है। मजबूर होकर वे अपनी संस्कृति और लोक कला का त्याग कर रहे हैं। इसे रोकना जरूरी है।


