मुंबई: (Mumbai) मुंबई से सटे ठाणे जिले में अंबरनाथ और बदलापुर स्टेशन के बीच रविवार को सुबह मालगाड़ी के इंजन में खराबी आने से मध्य रेलवे की सेवा प्रभावित हो गई है। मध्य रेलवे की टीम मौके पर पहुंच गई है और इंजन के मरम्मत का काम जारी है।
मध्य रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि आज सुबह अंबरनाथ और बदलापुर स्टेशन के बीच मालगाड़ी का इंजन अचानक बिगड़ गया। कल्याण स्टेशन से मरम्मत टीम को भेजा गया है और इंजन की मरम्मत का काम जारी है। इससे कल्याण और बदलापुर मार्ग की सेवा आंशिक रूप से बाधित हुई है। नागरिकों को परेशानी न हो, इसलिए रेलवे ने भी आज का मेगाब्लॉक रद्द कर दिया है। मध्य रेलवे ने यात्रियों से सहयोग करने की अपील की है।


