मुंबई : (Mumbai) बहुचर्चित मीठी नदी सफाई घोटाले में मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने बुधवार को दूसरे दिन भी फिल्म अभिनेता डिनो मोरिया से पूछताछ की है। मीठी नदी से गाद निकालने में कथित ६५ करोड़ रुपये के घोटाले में मोरिया पर पुलिस का शिकंजा बढ़ता जा रहा है। इसलिए मोरिया ने बॉम्बे हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दाखिल की है, लेकिन सुनवाई अभी तक तय नहीं हुई है।
मीठी नदी की सफाई के लिए उपकरणों की आपूर्ति में घोटाला करने के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों के साथ फोन काल रिकार्डिंग में डिनो मोरिया का नाम सामने आया है। इस महीने की शुरुआत में पुलिस ने ठेकेदारों और बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अधिकारियों सहित 13 व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सोमवार को पुलिस की पूछताछ के बाद पुलिस ने डिनो मोरिया को आज भी पेश होने को कहा था। इसी वजह से मोरिया आज सुबह दक्षिण मुंबई में मुंबई पुलिस आयुक्त कार्यालय परिसर में स्थित ईओडब्ल्यू कार्यालय पहुंचे थे।
यह मामला मीठी नदी के गाद निकालने से संबंधित 65 करोड़ रुपये के कथित घोटाले से संबंधित है। आरोपों में कहा गया है कि बीएमसी अधिकारियों ने एक विशिष्ट मशीनरी आपूर्तिकर्ता को लाभ पहुंचाने के लिए गाद निकालने के ठेके की निविदा प्रक्रिया में हेराफेरी की। ठेकेदारों पर मुंबई से बाहर गाद ले जाने के लिए फर्जी बिल बनाने का भी आरोप है। पुलिस ने कहा कि पूरे घोटाले के कारण नगर निगम को 65.54 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ।