spot_img

Mumbai : एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री बने रहेंगे: देवेन्द्र फडणवीस

मुंबई : उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को कहा कि एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे। इसके बाद जब भी राज्य में विधानसभा चुनाव होंगे तो वे चुनाव मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के ही नेतृत्व में लड़े जाएंगे। देवेंद्र फडणवीस ने सीएम शिंदे के मुख्यमंत्री पद को लेकर लगाई जा रही अटकलों को पूर्ण विराम लगा दिया है। देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को हटाए जाने की अटकलें अनायास चलाई जा रही हैं। इसमें कोई तथ्य नहीं है।

दरअसल गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर से एक वीडियो जारी किया गया था। इस वीडियो में कहा गया था कि ‘मैं फिर आऊंगा’। इसके बाद राज्य में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को तत्काल हटाए जाने की जोरदार चर्चा होने लगी थी। हालांकि प्रदेश भाजपा की ओर से इस वीडियो को डिलीट कर दिया गया था लेकिन सीएम शिंदे को लेकर चर्चा कम नहीं हो रही थी। इसी वजह से देवेंद्र फडणवीस ने आज पत्रकारों को बताया कि कोई भी वीडियो लगाकर मुख्यमंत्री नहीं बनता है। इसलिए सभी को समझ लेना चाहिए कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी और कार्यकाल में एक दिन भी कम नहीं होगा। इसके बाद भाजपा अपनी सहयोगी पार्टियों के साथ मिलकर एकनाथ शिंदे के ही नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी।

Explore our articles