Mumbai : बाल तस्करी मामले में दंत चिकित्सक गिरफ्तार, दो अबोध बच्चे बरामद

0
33

मुंबई : (Mumbai) मुंबई के वडाला इलाके से दो बच्चों की तस्करी मामले में पुलिस ने पश्चिम बंगाल से 43 वर्षीय महिला दंत चिकित्सक डॉ. रश्मि बनर्जी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उस महिला के पास से दो बच्चों को बरामद किया है। इनमें एक दो साल का बच्चा और एक चार साल की बच्ची है। इनमें से बच्चे का इलाज मुंबई के सायन अस्पताल में हो रहा है, जबकि बच्ची को कोलकाता में बाल कल्याण समिति की देखरेख में रखा गया है।

इस मामले की छानबीन कर रही पुलिस निरीक्षक अनुराधा भोसले (Police Inspector Anuradha Bhosale) ने बताया कि पिछले वर्ष अगस्त महीने में वडाला निवासी एक वरिष्ठ नागरिक ने करीब आठ महीने के अपने पौत्र और करीब तीन साल की पौत्री के गायब होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। उस समय छानबीन के बाद इस मामले में उस वरिष्ठ नागरिक के दामाद अनिल गणेश पुरवैया और बच्चों की तस्करी में दलाली करने वाली चेंबूर की दो महिलाओं आशा पवार और आश्मा शेख को पुलिस ने गिरफ्तार किया गया था। उस समय जांच में पता चला था कि इन तीनों ने गायब बच्चों को 1.8 लाख रुपये में बेच दिया था, लेकिन गायब बच्चों का पता नहीं चल सका था।

अनुराधा भोसले ने बताया कि पिछले सप्ताह गोपनीय जानकारी मिली थी की दोनों गायब बच्चे ओडिशा में रहने वाली एक महिला के पास हैं। इसके बाद पुलिस टीम ओडिशा पहुंची, लेकिन आरोपित महिला ओडिशा में नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को उस महिला के बारे में पता चला कि वह पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के उत्तरपारा शहर में रहने चली गई है। पुलिस टीम तत्काल पश्चिम बंगाल पहुंची और आरोपित महिला रश्मि बनर्जी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को उसके घर में पिछले साल वडाला से गायब हुए दोनों बच्चे भी मिले। इन दोनों बच्चों के शरीर पर चोट के निशान थे।

मुंबई पुलिस ने बच्ची को कोलकाता में बाल कल्याण समिति की देखरेख में रखा है, जबकि लड़के को मुंबई वापस लाकर सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया।फिलहाल बच्चे का इलाज चल रहा है और वह अपने दादा की देखभाल में खुश और सुरक्षित दिख रहा है।