मुंबई : नवी मुंबई में एक व्यक्ति से ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग में निवेश का लालच देकर लगभग 45 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई है। नवी मुंबई के साइबर पुलिस स्टेशन में तीन आरोपितों और दो फर्मों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
साइबर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक गजानन कदम ने रविवार को मीडिया को बताया कि नवी मुंबई के नेरुल निवासी 49 वर्षीय व्यक्ति को आरोपितों ने इस साल 5 फरवरी से मार्च के बीच 44.72 लाख रुपये का निवेश करवाया। जब उसने अपने निवेश पर रिटर्न मांगा तो आरोपित गोलमोल जवाब देने लगे। धोखाधड़ी का एहसास होने पर उसने पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर आरव, कुणाल, बिमला और एक सिक्योरिटीज फर्म के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 419 (प्रतिरूपण द्वारा धोखाधड़ी), 420 (धोखाधड़ी) और 34 (सामान्य इरादा) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की गहन छानबीन जारी है।


