मुंबई : (Mumbai) निर्देशक, अभिनेता अरबाज खान (Director, actor Arbaaz Khan) दूसरी बार पिता बनने जा रहे हैं। अरबाज की दूसरी पत्नी शूरा खान प्रेग्नेंट हैं। हाल ही में अरबाज और शूरा का एक वीडियो सामने आया है। इसमें अरबाज उनका ख्याल रखते नजर आ रहे हैं। इसमें शूरा का बेबी बंप भी नजर आ रहा है। दोनों ने अभी तक इस खुशखबरी का ऐलान तो नहीं किया है लेकिन इसे छिपाया भी नहीं है। इसलिए यह खबर पक्की है कि अरबाज 57 साल की उम्र में पिता बनेंगे।
अरबाज खान और उनकी पत्नी शूरा खान (Arbaaz Khan and his wife Shura Khan) इन दिनों बॉलीवुड के सबसे क्यूट कपल्स में गिने जा रहे हैं। 55 साल की उम्र में दूसरी बार शादी कर उन्होंने खूब सुर्खियां बटोरी थीं और अब जब दोनों माता-पिता बनने वाले हैं, तो खान परिवार में खुशी का माहौल है। हाल ही में अरबाज और शूरा को पैपराज़ी ने मुंबई में स्पॉट किया। इस दौरान शूरा ने शॉर्ट फ्लोरल वन पीस पहना हुआ था, जिसमें उनका बेबी बंप साफ नजर आ रहा था। कैमरे के सामने थोड़ी शर्मीली नजर आईं शूरा, लेकिन दोनों ने साथ में मुस्कुराते हुए पोज भी दिए। बाद में अरबाज ने बहुत प्यार से उन्हें कार में बैठाया। तभी पैपराज़ी में से एक ने मज़ाकिया अंदाज़ में कहा, “इनको जाने दो।” इस पर अरबाज मुस्कुराते हुए बोले, “सब कुछ हो जाने के बाद अब चलते हैं… कभी-कभी थोड़ा समझ भी लिया करो यार!” उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, और फैंस कपल पर प्यार लुटा रहे हैं।
अरबाज खान और मलाइका अरोड़ा (Arbaaz Khan and Malaika Arora) का साल 2017 में तलाक हुआ था। दोनों का एक बेटा अरहान खान है, जो अब 22 साल का हो चुका है। तलाक के छह साल बाद अरबाज की जिंदगी में दोबारा प्यार ने दस्तक दी और वो प्यार था शूरा खान। शूरा, अभिनेत्री रवीना टंडन की मेकअप आर्टिस्ट रह चुकी हैं। यहीं से अरबाज और शूरा की मुलाकात शुरू हुई थी, जो आगे चलकर रिश्ते में बदल गई। दोनों ने परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में रजिस्टर्ड मैरिज की थी। शादी के वक्त अरबाज 55 साल के थे और उम्र को लेकर उन्हें ट्रोल भी किया गया था। दिलचस्प बात यह है कि शूरा की भी यह दूसरी शादी है। उनके पहले पति से एक बेटी पहले से ही है। अब जब शूरा का बेबी बंप कैमरे में कैद हुआ है, तो साफ हो गया है कि जल्द ही खान परिवार में एक और नन्हा मेहमान आने वाला है। हालांकि, इस खबर पर अब तक अरबाज या शूरा ने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उनके लेटेस्ट वीडियो ने इस बात की पुष्टि कर दी है।