मुरैना : इन दिनों अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि आए दिन गोली चलने की घटना रुकने का नाम नहीं ले रही हैं, ऐसा ही एक मामला बीती रात देखने को मिला जब चार लोंगों द्वारा वैवाहिक समारोह में पूड़ी परसने में देरी करने पर कट्टे से हवाई फायर किए और उसके बाद सरेआम कट्टे को लहराते हुए वैवाहिक समारोह में दहशत फैलाकर अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गए।
फरियादी साकिर खॅान के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के शिव वर्षा मैरिज गार्डन में पूड़ी परसने में जरा सी देरी होने पर शादी समारोह में शामिल होने आए अंसार खॉ ने अपने साथी इरफान व राहुल उर्फ छिलका रजक एवं आकाश रजक ने ना सिर्फ जमकर हंगामा किया, बल्कि कट्टा निकालकर हवाई फायर कर डालें। कट्टे से गोलीबारी की घटना मैरिज गार्डन में लगे सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गई है। शिकायत के बाद पुलिस ने चारो के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि गोलीबारी का यह मामला मुरैना के लिए कोई नया नहीं है। पिछले चार दिनों में शादी समारोह में तीन जगहों पर गोलीबारी के मामले जिले भर में देखे गए हैं। बीते दिनों तो पोरसा में हर्ष फायर के दौरान गोली लगने से एक व्यक्ति घायल हुआ था। उससे पहले अंबाह में शादी समारोह के कार्यक्रम में एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो चुकी है। घटनाएं लगातार हो रही हैं, लेकिन कहीं ना कहीं कानून व्यवस्था में जिस तरह की कसावट होनी चाहिए थी, उसमें कमी आई है। जिससे इस तरह की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। शिव वर्षा मैरिज गार्डन में कट्टे से हुई गोलीबारी के मामले में प्रभारी पुलिस अधीक्षक रायसिंह नरवरिया का कहना है कि वैवाहिक समारोह में किए गए हवाई फायर के मामलें में प्राथमिकी दर्ज की गई है और आरोपी की तलाश जारी है।


