spot_img

Mirzapur : नए कलेवर में बेहतरीन लुक के साथ यात्रियों को लुभाएगा मीरजापुर रेलवे स्टेशन

विंध्याचल, मीरजापुर, चुनार, कैलहट, जीवनाथपुर स्टेशन का निरीक्षण

अमृत भारत स्टेशन योजना व तीसरी लाइन परियोजना की परखी प्रगति

मीरजापुर : उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के महाप्रबंधक सतीश कुमार ने शनिवार को मंडल रेल प्रबंधक हिमांशु बड़ोनी के साथ परख यान कोच से विंध्याचल व मीरजापुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर अमृत भारत योजना के तहत कराए जा रहे कार्यों की प्रगति परखी। साथ ही विंध्याचल रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ख्याल रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की सभी परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण है। समय से कार्य पूरा किया जाना सभी विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए।

महाप्रबंधक ने बताया कि जल्द ही मीरजापुर रेलवे स्टेशन का स्वरूप बदलेगा और रेल यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी। अत्याधुनिक व सुविधायुक्त स्टेशन का माडल नए कलेवर में बेहतरीन लुक के साथ यात्रियों को लुभाएगा भी। इसके लिए निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार को अलग तरीके से बनाया जाएगा और मुख्य द्वार के भवन के बीच घड़ी लगाया जाएगा। खाने से लेकर आराम करने तक की पूरी सुविधा होगी।

रेलवे धरोहर के रूप में जाना जाएगा शास्त्री उद्यान

मीरजापुर रेलवे स्टेशन परिसर स्थित शास्त्री उद्यान पार्क रेलवे धरोहर के रूप में विकसित होगा। इसके लिए पुराने रेल इंजन को रख पार्क का सुंदरीकरण कराया जाएगा, जिसे देखते ही पता चलेगा कि यह रेलवे स्टेशन है। जल्द ही पार्क का सुंदरीकरण कर इसे यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा।

वातानुकूलित प्रतीक्षालय का निर्माण जल्द पूर्ण कराने का निर्देश

मीरजापुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर निर्माणाधीन वातानुकूलित प्रतीक्षालय का भी महाप्रबंधक ने निरीक्षण किया और निर्माण प्रगति परखी। साथ ही जल्द निर्माण कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया।

दिसंबर तक पूर्ण हो कैलहट रेलवे स्टेशन के नए भवन का निर्माण

उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के महाप्रबंधक सतीश कुमार ने चुनार, कैलहट व जीवनाथपुर रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण कर अमृत भारत स्टेशन योजना, तीसरी लाइन परियोजना तथा डीएफसीसी परियोजना की प्रगति परखी और कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। कैलहट रेलवे स्टेशन के नए भवन का निर्माण दिसंबर तक कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया।

Explore our articles