spot_img

Mirzapur : अप्रैल में ही जून जैसी गर्मी, अगले सप्ताह से ”लू” की संभावना

पारा 40 डिग्री, गर्मी से लोग परेशान, राहत के आसार नहीं

मौसम विभाग ने तापमान में वृद्धि की जताई संभावना

मीरजापुर : चिलचिलाती धूप और चल रही गर्म हवा के थपेड़ों ने अप्रैल में ही लोगों की चमड़ी झुलसानी शुरू कर दी है। इससे लोगों की मुश्किलें बढ़ने लगी है। आगे भी लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने अगले सप्ताह से तापमान में और वृद्धि की संभावना जताई है। गर्मी में खान-पान के साथ लोगों को सेहत का ख्याल रखना होगा।

मंगलवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका था। अप्रैल में ही जून जैसी गर्मी पड़ रही है। पिछले एक सप्ताह से तापमान में हुई अप्रत्याशित बढ़ोतरी ने लोगों को घरों में दुबकने के लिए विवश कर दिया है। वे बहुत जरूरी होने पर ही घरों से निकलना चाह रहे हैं। जबकि तपती दोपहरी में सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों को हो रही है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री व न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान अभी और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

कृषि मौसम सेवा भू भौतिकी विभाग बीएचयू वाराणसी के नोडल अधिकारी प्रो. आरएस सिंह व तकनीकी अधिकारी (मौसम वैज्ञानिक) शिवमंगल सिंह ने बताया कि अगले सप्ताह तक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। साथ ही गर्म हवा भी चलेगी। इससे लोगों को लू का अहसास हाेगा। उन्होंने धूप से बचने की सलाह दी।

मंडलीय चिकित्सालय के फिजीशियन डॉ सुनील सिंह ने कहा कि गर्मी में लोग धूप से बचने का प्रयास करें। इससे लू लगने की संभावना रहती है। गर्मी से बचने के लिए तरल पदार्थों का सेवन करें, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। वायरल फीवर होने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें। ज्यादा जरूरत होने पर ही घर से बाहर निकलें।

Explore our articles