आकाशीय बिजली गिरने से कई मकान धराशायी
मेरठ: (Meerut) एक बार फिर से सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के चलते पश्चिमी यूपी में आज से मौसम में बदलाव हो गया। इसके चलते 20 मार्च तक गरज और तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। कुछ स्थानों पर ओले भी पड़ने की संभावना है। शुक्रवार को भी सुबह से ही मौसम बदला हुआ था। बदलते मौसम के साथ आसमान पर हल्के बादल भी दिखाई दिए।मेरठ में मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। मौसम के बदलाव से और हवा के चलने से दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। आधा मार्च बीत चुका है और तापमान सामान्य से ऊपर ही चल रहा था। ऐसे में बारिश से थोड़ी राहत तो मिली है लेकिन गेहूं की फसल व सब्जियों की फसल के लिए यह नुकसानदायक साबित होगी। हालांकि, एयर क्वालिटी इंडेक्स में शुक्रवार को कुछ गिरावट दर्ज की गई है। मेरठ का एक्यूआई 157 दर्ज किया गया है।
रुक-रुक कर हो रही बारिश, गेहूं की फसल गिरी, सब्जी की फसल को नुकसान
बागपत समेत पश्चिमी यूपी में शनिवार सुबह को अचानक मौसम में बदलाव हुआ और रुक-रुक कर बारिश होने लगी। हवा और बारिश होने से मौसम में ठंडक हो गई। वहीं गेहूं की फसल गिर गई और सब्जी की फसलों को भी नुकसान हो गया। शनिवार को सुबह ही मौसम में बदलाव हुआ और बारिश शुरू हो गई जो कुछ दोपहर तक होती रही। लेकिन बारिश दोबारा से शुरू हो गई और इसका असर सबसे ज्यादा फसलों पर दिखाई दिया। ज्यादातर जगह गेहूं की फसल गिर गई, जिससे उसके पैदावार पर असर पड़ सकता है। सरसों की फसल में भी नमी आ सकती है। मौसम अभी ऐसा ही रहने की बात कही जा रही है।
शनिवार को सुबह के समय बारिश हुई
मेरठ में शुक्रवार सुबह से ही मौसम में उतार-चढ़ाव बरकरार रहा। यहां शनिवार को सुबह के समय बारिश हुई। इस दौरान कई क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने से कई मकान धराशायी हो गए। हालांकि इससे कोई जनहानि नहीं हुई है। सरधना में गांव बहादुरपुर में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से किसान वीरभान का मकान गिर गया। इस दौरान बड़ा हादसा होने से बच गया। वहीं मकान गिरने से किसान का काफी नुकसान हुआ है।
हवा के साथ हुई बारिश से मौसम हुआ सर्द, गेहूं की फसल गिरी
बिजनौर में भी शुक्रवार शाम से ही मौसम में बदलाव हुआ है। देर रात तेज हवा के साथ बारिश हुई। हवा और बारिश होने से जहां मौसम में थोड़ी ठंड बढ़ी। वहीं हवा और बारिश से गेहूं की फसल गिर गई। अभी भी रुक रुक कर जिले में कई स्थानों पर बारिश हो रही है। बारिश और हवा से जनपद में बिजली व्यवस्था भी चरमरा गई। शहर में शुक्रवार सुबह बिजली आपूर्ति सही हो गई, लेकिन सैकड़ों गांव में अभी भी आपूर्ति बाधित है।