मथुरा : भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) से मथुरा की सांसद हेमा मालिनी ने प्रधानमंत्री मोदी को ब्रज की संपूर्ण झांकी प्रस्तुत करने वाली कॉफी टेबल बुक ‘चल मन वृंदावन’ की प्रथम प्रति भेंट की। यह जानकारी मंगलवार को सांसद हेमामालिनी ने दी है।
सांसद ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने उक्त कॉफी टेबल बुक की प्रशंसा करते हुए इसे ब्रज के पर्यटन के विकास में एक महत्वपूर्ण कड़ी बताया है। श्रीमती हेमा मालिनी ने बताया कि ‘चल मन वृंदावन’ पुस्तक में 50 आलेखों और लगभग डेढ़ सौ चित्रों के माध्यम से ब्रज के इतिहास, देवालय, प्रमुख स्थल, अनेक व्यक्तित्व और उत्सवों को रोचक ढंग से दर्शाया गया है। इस पुस्तक का संपादन डॉ. अशोक बंसल ने किया है। यह पुस्तक ब्रज के पर्यटन को राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रोत्साहित करेगी। इस पुस्तक का विमोचन शीघ्र ही दिल्ली में होगा।