spot_img

Lucknow: उप्र: पुलिस सुरक्षा में हत्या, सरकार की नाकामी : अखिलेश यादव

लखनऊ:(Lucknow) समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Chief Minister Akhilesh Yadav) ने कहा है कि उत्तर प्रदेश जंगल राज की गिरफ्त में फंस चुका है। यहां कानून और संविधान का शासन नहीं है। अपराध की पराकाष्ठा हो गयी है, सड़कों पर खुलेआम हत्याऐं हो रही हैं। अपराधी बेखौफ हैं। अपराधियों को सत्ताधारी पार्टी का संरक्षण मिला हुआ है।

अखिलेश ने कहा कि मीडिया के सामने सुनियोजित तरीके से पुलिस के सुरक्षा घेरे के बीच हत्या, सरकार की नाकामी है। जब पुलिस सुरक्षा घेरे के बीच सरेआम गोलीबारी करके किसी की हत्या की जा सकती है तो आम जनता कितनी सुरक्षित है, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार ने अराजकता का जो माहौल बनाया है, इससे जनता के बीच भय व्याप्त हो गया है। ऐसा लगता है कि कुछ लोग जानबूझकर ऐसा वातावरण बना रहे हैं। कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज ही नहीं बची है। लगता है सरकार की साख ही मिट्टी में मिल गई है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी सरकार के समय में जिस उत्तर प्रदेश में विकास की बात होती थी उनमें मेट्रो, एक्सप्रेस-वे, आईटी सिटी, लैपटॉप की बातें होती थी उस उत्तर प्रदेश में अब अपराध, अपराधियों, गन और पिस्टल की चर्चा होती है।

अखिलेश यादव ने कहा कि आज 25 करोड़ जनता की सुरक्षा और उत्तर प्रदेश के भविष्य को लेकर चिंता हैं। भाजपा ने नफरत फैलाकर समाज को डरा दिया है। आने वाले समय में भाजपा सरकार को यह भारी पड़ेगा। इन सबके लिए मुख्यमंत्री अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच पायेंगे।

अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश भाजपा के सत्ता में आने के बाद योजनाबद्ध तरीके से सत्ता संरक्षण में हत्यायें हो रही हैं। पुलिस हिरासत में उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा मौतें हो रही हैं। किसी भी लोकतांत्रिक देश में पुलिस अभिरक्षा में इस तरह हत्या नहीं हुई।

Explore our articles