
403 सीटों पर उम्मीदवारों की तलाश शुरू
लखनऊ : (Lucknow) समाजवादी पार्टी ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (Assembly elections) की तैयारियां तेज करते हुए सभी 403 सीटों पर संभावित उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव (Party President Akhilesh Yadav) पूरी कवायद की सीधे निगरानी कर रहे हैं और टिकट वितरण को अधिक व्यवस्थित तथा पेशेवर बनाने पर जोर दे रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार सपा ने संगठन के पदाधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि जो नेता विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं, उन्हें पहले अपने संगठनात्मक पदों से इस्तीफा देना होगा। हाल ही में जिलाध्यक्षों और पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में अखिलेश यादव ने कहा कि पद पर रहते हुए कोई भी नेता खुद को संभावित उम्मीदवार न माने। पार्टी उम्मीदवारों का चयन तय मानकों और सर्वे रिपोर्ट के आधार पर करेगी।
उम्मीदवारों की पहचान के लिए पार्टी द्वारा निजी एजेंसी के माध्यम से विधानसभा क्षेत्रों में सर्वे कराया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया जा रहा है। सर्वे में जीत की संभावना, जातीय समीकरण, जनस्वीकार्यता, संगठनात्मक पकड़, छवि और क्षेत्रीय प्रभाव जैसे मानकों को आधार बनाया गया है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस पूरी प्रक्रिया का समन्वय पूर्व आईएएस अधिकारी आलोक रंजन (IAS officer Alok Ranjan) की देखरेख में किया जा रहा है। लखनऊ के गोमती नगर स्थित विशेष कार्यालय में विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं की टीम विधानसभावार रिपोर्ट तैयार कर रही है। इन रिपोर्टों के आधार पर पार्टी की कोर कमेटी अंतिम निर्णय लेगी। माना जा रहा है कि इस बार टिकट वितरण में सिफारिश और लॉबिंग के बजाय पेशेवर आकलन को प्राथमिकता दी जाएगी।


