9.8 C
London
Saturday, June 3, 2023
HomelatestLucknow: चर्चा में है मौलाना कल्बे जवाद की सपा पार्षद के साथ...

Lucknow: चर्चा में है मौलाना कल्बे जवाद की सपा पार्षद के साथ फोटो

कल्बे जवाद के दामाद अली जैदी योगी सरकार में उप्र शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन बनाए गए

लखनऊ:(Lucknow) शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जवाद की फोटो वायरल हो रही है। समाजवादी पार्टी (SP) के एक पार्षद को गले लगाते हुए उनकी यह फोटो सियासी गलियारे, खासकर मुस्लिम समाज के बीच सुर्खियों में है। सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी (BJP) से जुड़े मुस्लिम समाज के लोगों को कहना है कि मौलाना ने भाजपा से नजदीकियां बढ़ा कर अपनों को संगठन से लेकर सरकार में पद तो हासिल करा दिया लेकिन चुनावों के दौरान वह पार्टी का विरोध करते रहे।

मौलाना कल्बे जवाद अपने समाज के बड़े चेहरा हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ उनकी नजदीकियां रही हैं लेकिन आजम खान से न पटने की वजह से उनकी वहां कम ही चल पाई। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद मौलाना की नजदीकियां भाजपा से बढ़ने लगीं। भाजपा में उनकी पहुंच का अंदाजा इसी बात से ही लगाया जा सकता है कि उनके दामाद अली जैदी उप्र. शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन बना दिए गए। पार्टी संगठन में इनके भतीजे अमील शम्सी को अल्पसंख्यक मोर्च का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। इस बीच सपा के पार्षद गुलशन के साथ उनकी फोटो वायरल हो रही है। उस फोटो में मौलाना के अलावा उनके दामाद व शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन अली जैदी समेत अन्य लोग हैं। इससे भाजपा के अल्पसंख्यक कार्यकर्ताओं में नाराजगी है।

मुस्लिम समाज के भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं का कहना है कि मौलाना अपने प्रभाव के कारण अपनों को पद दिला दे रहे हैं। लंबे समय से भाजपा के साथ जुड़कर काम करने वाले मुसलमान का उन्होंने हक मारा है। कुछ कार्यकर्ताओं का तो यहां तक कहना है कि उनकी यह फोटो साबित करती है कि कल्वे जवाद ने निकाय चुनाव में सपा की मदद की है। अगर मौलाना और उनके लोग पार्टी को धोखा नहीं देते तो विधान सभा चुनावों में भाजपा लखनऊ महानगर की दो सीटें नहीं हारती। भाजपा नेतृत्व को उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय मंत्री सफाहत हुसैन ने कहा कि मौलाना कल्वे जवाद हमेशा से हमारी पार्टी का विरोध करते रहे हैं। अब उनका पूरा परिवार भाजपा के साथ जुड़ा है। यही वजह है कि उनके दामाद अली जैदी शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन बनाए गए हैं। उनका भतीजा अमील शम्सी भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा में प्रदेश उपाध्यक्ष है। अब उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए लेकिन उनकी वायरल हो रही फोटो से पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा पर सवाल खड़ा हो रहा है। अगर इसमें सच्चाई है तो निश्चित तौर पर संगठन इसका संज्ञान लेगा।

इससे जुडी खबरें

सबसे ज्यादा पढ़ी जाने वाली खबर