लखनऊ: (Lucknow ) देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन पर उन्हें बधाई देने वालों में बड़ी-बड़ी हस्तियां शामिल हैं। सोशल मीडिया पर सोमवार को उन्हें बधाई देने का क्रम लगातार जारी है। उन्हें भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ ही जनता में भी शुभकामनाएं दिए जाने का खासा उत्साह दिख रहा है। देश के गृहमंत्री और रक्षा मंत्री के साथ ही केन्द्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों द्वारा बधाई संदेश देते हुए उनकी दीर्घायु की कामना की गई है।
देश के गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की शुभकामनांए दी है। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में गरीब कल्याण व सुशासन को जमीन पर पहुंचाने में आपके नेतृत्व में प्रदेश सरकार सराहनीय कार्य कर रही है। आप स्वस्थ रहें व दीर्घायु हों, ऐसी ईश्वर से कामना करता हूं।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर आपको उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु प्रदान करें। आपके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश और अधिक समृद्ध और खुशहाल बने तथा देश की प्रगति में अग्रणी योगदान देता रहे, यही कामना है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। वे पूरे मनोयोग और समर्पण के साथ, उत्तर प्रदेश को एक विकसित राज्य बनाने के लिये काम कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश में इसका धरातल तैयार कर दिया है। ईश्वर उन्हें स्वस्थ रखें एवं दीर्घायु करें।
केन्द्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दी है। आप स्वस्थ और दीर्घायु रहें, ईश्वर से यही कामना करता हूं।
इसी तरह केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, स्मृति ईरानी, किरन रिजाजू, अर्जुन मुंडा, गजेन्द्र सिंह शेखावत ने भी उत्तर प्रदेश को प्रगति के पथ पर अग्रसर करने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दी।
बधाई के क्रम में कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की बधाई दी है। इनमें मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, अरुणांचल प्रदेश मुख्यमंत्री पेमा खांडू, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, असम के मुख्यमंत्री हिमन्त विश्व शर्मा, उतराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. मानिक साहा, गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, सिक्कम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने बधाई दी है।
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल, द्वय उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी, सहयोगी निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ संजय निषाद आदि ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शुभकामनाएं दी है।