spot_img

Lucknow : लखनऊ सपा कार्यालय के बाहर लगी होर्डिंग, ‘ओपी राजभर दगे हुए कारतूस’

लखनऊ : मऊ जनपद की घोसी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार सुधाकर सिंह जीत गए हैं। उन्होंने सपा को छोड़कर भाजपा में शामिल हुए दारा सिंह चौहान को 42,759 मतों से हराया है।

इस जीत के बाद सपा के खेमें में एक ओर जहां उत्साह देखा जा रहा है तो दूसरी तरफ सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर पार्टी के कार्यकर्ताओं के निशाने पर आ गए हैं। राजभर को किसी ने दगा हुआ कारतूस बताया तो किसी ने उनकी तुलना नौटंकी वाले ‘रंपत’ से कर दी है।

लखनऊ में सपा कार्यालय के बाहर एक होर्डिंग लगाई गई है। जिसमें ओमप्रकाश राजभर को दगा हुआ कारतूस बताया गया है। साथ ही सभी राजनीतिक दलों के लिए चेतावनी भी दी गई है। सभी दल सावधान रहें। सपा पार्टी कार्यालय के बाहर लगी यह होर्डिंग अब सोशल मीडिया में चर्चा का विषय बनी हुई है। यह होर्डिंग सपा कार्यकर्ता आशुतोष सिंह ने लगाई है।

इसी तरह जनवादी पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय चौहान ने सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर की तुलना नौटंकी वाले ‘रंपत’ से कर दी है। एक चैनल में दिए गए बयान में श्री चौहान ने कहा कि अब रंपत की नौटंकी कंपनी नहीं चलती तो सियासत में रंपत की नौटंकी चल रही है। ओम प्रकाश राजभर राजनीति में नौटंकी वाले ‘रंपत’ की भूमिका निभा रहे हैं। यह भी आरोप लगाया कि ओम प्रकाश राजभर निजी स्वार्थ के लिए अपने समाज का इस्तेमाल करते हैं। वह जहां गए हैं, वहां उनका सम्मान नहीं है। उल्लेखनीय है कि घोसी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सपा के पक्ष में चुनाव परिणाम आने के बाद कार्यकर्ता बेहद उत्साहित हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस जीत का श्रेय विपक्षी गठबंधन ‘आईएनडीआईए’ को दिया था। यह भी कहा था कि यही आने वाले लोकसभा चुनाव का भी परिणाम होगा। इसके बाद पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के निशाने पर ओमप्रकाश राजभर आ गए हैं।

Explore our articles