spot_img

Lucknow: जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव के मेहमान बने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे

Lucknow

लखनऊ: (Lucknow) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Maharashtra Chief Minister Eknath Shinde) शनिवार को लखनऊ में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के आवास पहुंचे। यहां दोनों नेताओं ने साथ में रात का भोजन किया और साथ में उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के सियासी मुद्दे पर चर्चा भी की।

इस दौरान अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण और महाराष्ट्र में प्रवासी मजदूरों को लेकर भी दोनों नेताओं के बीच लम्बी बातचीत हुई। एकनाथ शिंदे दो दिवसीय अयोध्या दौरे पर आए हुए हैं। रविवार सुबह वह और उनकी पूरी कैबिनेट पूरे दिन अयोध्या में रहेगी।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे जब जल शक्ति मंत्री के आवास पर पहुंचे तो स्वतंत्र देव सिंह ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे हमारे परिवार के सदस्य की तरह हैं। उनके ऊर्जावान नेतृत्व में महाराष्ट्र विकास की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

इस दौरान दोनों नेताओं में कई मुद्दों पर चर्चा हुई। अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण और महाराष्ट्र में प्रवासी मजदूरों के साथ दोनों नेताओं ने फिल्म इंडस्ट्री और उप्र में निवेश की संभावनाओं पर भी बातचीत की। जल संसाधन और सिंचाई के मुद्दे पर दोनों नेताओं ने अपने-अपने विचार साझा किये। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में हर घर जल योजना के कार्यों की तारीफ की और जल शक्ति मंत्री को महाराष्ट्र आने का न्योता भी दिया।

Explore our articles