Lucknow: उप्र के 29 सैलानी हिमाचल प्रदेश में फंसे, सुरक्षित वापसी की कवायद में जुटी योगी सरकार

0
125

लखनऊ:(Lucknow) उत्तर प्रदेश के कम से कम 29 लोग हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के चलते आई तबाही में फंस गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उत्तर प्रदेश के राहत विभाग की टीमें सभी की सुरक्षित वापसी के लिए हिमाचल प्रदेश के राहत विभाग के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। कुछ लोग वहां से लौट रहे हैं तो कुछ सुरक्षित कैम्प में शरण लिये हुए हैं। जो लोग अभी नहीं मिले हैं उनकी खोजबीन भी जारी है।

उत्तर प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि राहत विभाग हिमाचल प्रदेश के राहत विभाग से लगातार संपर्क में है। राहत विभाग के अधिकारी कुल्लू के जिला उपायुक्त से भी लगातार संपर्क बनाए हुए हैं, ताकि वहां गए प्रदेश के लोगों को सुरक्षित घरों तक लाया जा सके।

उत्तर प्रदेश राहत विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश में आई तबाही में प्रदेश के कम से कम 29 लोग मनाली में फंसे हुए हैं। इनमें कानपुर नगर के छह लोग हैं, जिनसे संपर्क अभी नहीं हो सका है। कानपुर के शिवांग ने वहां फंसे होने की जानकारी दी है। लखनऊ के शारिक ने बताया कि उनके पांच लोग फंसे हैं, जो वापस आ रहे हैं। इसी तरह मेरठ के आर्यन त्यागी समेत तीन लोग फंसे हैं, जो वापस आ रहे हैं। देवरिया के तीन लोग फंसे हैं। इन तीन लोगों में से एक प्रियंका ज्योति ने बताया कि वे लोग सुरक्षित हैं। लखनऊ की आयुषी गाेयल सहित चार लोग लौट रहे हैं। बदायूं के पंकज सुरक्षित और बलरामपुर के अभय गौतम मनाली से वापस आ रहे हैं।

इसी तरह जालौन के कन्हैया, शाहजहांपुर की अर्चना और लखनऊ का परवेश सुरक्षित हैं। वाराणसी से रति और गाजियाबाद के हेमंत शर्मा सुरक्षित हैं। लखनऊ की आयुषी से सम्पर्क नहीं हो सका है। सीतापुर के गौरव श्रीवास्तव से भी बातचीत नहीं हो पायी है। हिमाचल प्रदेश में फंसे हुए लोगों के परिजनों से संपर्क करने पर तीन परिजनों ने अपडेट दिया है। इनमें प्रियंका ज्योति सुरक्षित हैं। हेमंत शर्मा मनाली के डेविस बिलिस होटल में हैं। वहीं गौरव श्रीवास्तव मनाली के विक्रांत होटल में हैं।