कोलकाता : (Kolkata) कोलकाता के दमदम इलाके के नागेरबाजार (Yashor Road near Nagerbazar in Dumdum area of Kolkata) के पास यशोर रोड पर स्थित एक टी-शर्ट फैक्ट्री में शुक्रवार को भयानक आग लग गई। इसकी भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आग बुझाने के लिए मौके पर दमकल की 30 गाड़ियों ने करीब पांच घंटे तक मशक्कत की जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। पूरी जगह धुएं से घिर गई थी, लेकिन राहत की बात यह है कि फैक्ट्री में कोई कर्मचारी फंसा नहीं थी। सभी को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह फैक्ट्री सरोजिनी नायडू कॉलेज के ठीक पास स्थित है। फैक्ट्री के पास एक आइसक्रीम कंपनी का गोदाम भी है, जहां सबसे पहले विस्फोट की आवाज सुनी गई। इसके बाद आग की लपटें देखी गईं। दमकल अधिकारियों का प्रारंभिक अनुमान है कि आग एसी यूनिट से शुरू हुई और धीरे-धीरे फैक्ट्री में फैल गई। आग की सूचना मिलने पर दमकल की टीम तड़के लगभग 3:40 बजे घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
आग की गंभीरता और प्रयास
अग्निशमन विभाग के अनुसार, आग पर काबू पाने के लिए 30 गाड़ियों ने मशक्कत की। स्थानीय लोग भी दमकलकर्मियों की मदद कर रहे थे। जिस फैक्ट्री में आग लगी है, उसके पास एक विवाह भवन, एक दवा गोदाम, फर्नीचर का गोदाम और एक अन्य टी-शर्ट फैक्ट्री भी है। इन गोदामों में ज्यादातर ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण आग फैलने का खतरा बढ़ गया था।
दमकल विभाग का कहना है कि वे 3:40 बजे से आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे। स्थानीय प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए था।
आग लगने की कारणों की होगी जांच
सूचना मिलने के बाद अग्निशमन मंत्री सुजित बसु भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अग्निशमन और प्रशासन के अधिकारियों से हालात की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आग कैसे लगी है इस बारे में फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। इसे समझने के लिए पुलिस और अग्निशमन विभाग मिलकर जांच करेंगे। यहां अग्निशमन व्यवस्था पुख्ता थी या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी।


