spot_img

Kolkata: बंगाल में हल्की बारिश के बावजूद तापमान में बढ़ोतरी

कोलकाता:(Kolkata) पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता समेत राज्य के अन्य हिस्सों में हुई हल्की बारिश के बावजूद गर्मी बढ़ गई है। तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। अलीपुर स्थित मौसम विभाग (Meteorological department located in Alipore) के क्षेत्रीय मुख्यालय की ओर से शुक्रवार को जारी बयान में इस बारे में जानकारी दी गई है। इसमें बताया गया है कि राजधानी कोलकाता में न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है।

अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस है जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। कोलकाता के अलावा हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुड़ा समेत राज्य के अन्य हिस्सों में तापमान 29 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है जिसकी वजह से उमस भरी गर्मी का एहसास लोगों को हो रहा है।

खास बात ये है कि आसमान में बादल छाए हुए हैं और गर्म हवाएं ऊपर नहीं उठा पा रहीं जिसकी वजह से लोग पसीने से भी परेशान हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान एक मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है और आज भी राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में भी मौसम सामान्य बना हुआ है।

Explore our articles