कोलकाता: (Kolkata) रेप की शिकायत करने वाली महिला के घर आधी रात में पुलिस जा रही थी। यहां तक कि पुलिस कर्मियों के द्वारा महिला को व्हाट्सएप पर भी कॉल किया जा रहा था। वो भी आधी रात को। इस घटना में कलकत्ता हाई कोर्ट ने कोलकाता पुलिस के दो थाने के आईसी पर जुर्माना लगाया है।
एक महिला ने लेक और नरेंद्रपुर थाने में सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत की। वह मामला अलीपुर कोर्ट में चल रहा है। केस की सुनवाई के दौरान उन्होंने कोर्ट रूम में खड़े एक शख्स पर उंगली उठाई। कहा कि वह व्यक्ति केस वापस लेने का दबाव बना रहा है। न्यायाधीश ने उस व्यक्ति से पूछताछ करने का आदेश दिया। लेकिन पुलिस ने उसे जाने दिया और उल्टे महिला को नोटिस भेज दिया।
उस मामले में, पुलिस मजिस्ट्रेट के सामने पेश होने का नोटिस जारी करने के लिए आधी रात को शिकायतकर्ता के घर पहुंची। यहां तक कि रात में भी व्हाट्सएप पर कॉल की जाती थी। इसके खिलाफ पीड़िता ने हाई कोर्ट में याचिका लगाई। गुरुवार को जस्टिस जयमाल्य बागची की पीठ ने इस घटना में लेक पुलिस स्टेशन और नरेंद्रपुर पुलिस स्टेशन के आईसी पर जुर्माना लगाया। दोनों को महिला से लिखित में माफी मांगने को भी कहा गया। न्यायाधीश ने सार्वजनिक रूप से दोनों ओसी की भूमिका की भी कड़ी निंदा की।



