काठमांडू : (Kathmandu) प्रधानमंत्री सुशीला कार्की (Prime Minister Sushila Karki) ने शुक्रवार को नेपाली सेना के मुख्यालय जंगी अड्डा का (Nepal Army headquarters at Jangi Base) निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें आगामी प्रतिनिधि सभा चुनाव के लिए सुरक्षा तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
नेपाली सेना ने वर्तमान सुरक्षा स्थिति, प्रमुख चुनौतियों और आगे की रणनीतियों पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही चुनावी सुरक्षा में सेना की तैनाती की योजना और उसकी रूपरेखा भी साझा की गई। प्रधानमंत्री कार्की ने कहा कि जेन-जी आंदोलन के बाद बनी इस सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी शांति एवं सुरक्षा स्थापित कर आगामी फागुन 21 को प्रतिनिधि सभा चुनाव को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराना है। उन्होंने सेना पर विश्वास जताते हुए कहा कि वह स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव सुनिश्चित करने में अपनी जिम्मेदारी पूर्ण रूप से निभाएगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि जनता की सुरक्षा की गारंटी, पुलिस कार्रवाई को सुचारू और सुरक्षित बनाने तथा सभी राजनीतिक गतिविधियों को बिना अवरोध संचालित करने के लिए स्पष्ट कार्ययोजना के साथ आगे बढ़ा जाए। कार्की ने कहा कि आने वाले चुनाव में एक बूंद भी खून नहीं बहना चाहिए और न ही कोई घायल होना चाहिए। प्रधानमंत्री ने रेखांकित किया कि पिछले चुनावी अनुभवों को ध्यान में रखते हुए सभी सुरक्षा निकायों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सुरक्षा दृष्टिकोण से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्रों में त्रुटिरहित काम किया जाए। साथ ही जेन-जी आंदोलन के दौरान लूटे गए और लापता हथियारों की खोज और नियंत्रण में तथा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी में पुलिस का पूरा सहयोग किया जाए।
इस मौके पर गृह मंत्री ओमप्रकाश अर्याल, कानून मंत्री अनिल कुमार सिन्हा, मुख्य सचिव सुमनराज अर्याल तथा प्रधान सेनापति अशोकराज सिग्देल (Home Minister Om Prakash Aryal, Law Minister Anil Kumar Sinha, Chief Secretary Suman Raj Aryal and Chief of Army Staff Ashok Raj Singdel) सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


