spot_img

Jind : नागरिक अस्पताल में आंखों में आपरेशन के 10 दिन बाद हुआ संक्रमण फैलने का खुलासा

जींद : जिला मुख्यालय स्थित नागरिक अस्पताल में मोतियाबिंद के ऑपरेशन के बाद आंखों में संक्रमण फैलने के मामले का खुलासा दस दिन बाद हुआ है। इससे स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर भी सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। हालांकि आप्रेशन करने वाली डा. गितांशु का कहना है कि जैसे ही संक्रमण की जानकारी उन्हें मिली तो वो तुरंत मरीजों को लेकर पीजीआईएमएस रोहतक पहुंची और उन्हें उपचार दिलाया। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक इस मामले में केवल ऑपरेशन थिएटर के नमूने जांच के लिए भेजे हैं।

गौरतलब है कि 30 जून को नागरिक अस्पताल में चार लोगों ने मोतियाबिंद के ऑपरेशन करवाए थे। इसके अगले ही दिन यह लोग अपनी आंखों की पट्टी बदलवाने के लिए अस्पताल में आए थे। इसमें गांव अमरहेड़ी निवासी 60 वर्षीय रामफल की आंख चिपकी हुई थी जबकि अन्य लोगों की आंखों में इतनी ज्यादा दिक्कत नहीं थी। रामफल को दवाई देकर घर भेज दिया गया। इसके बाद जब रामफल को ज्यादा परेशानी हुई तो वह तीन जून शनिवार को फिर से अस्पताल में आया। फिर उसे घर भेज दिया गया और सोमवार को आने के लिए कहा। स्वास्थ्य अधिकारियों ने जिन लोगों को 30 जून को आंखों के ऑपरेशन किए गए थे, सभी को बुलाया। सभी की आंखों में संक्रमण फैल चुका था, लेकिन रामफल की आंख में बहुत ज्यादा संक्रमण बढ़ चुका था। पांच जून को सभी लोगों को पीजीआई रोहतक में दाखिल करवाया गया। यहां रामफल की आंख की जांच की गई तो उसकी आंख में ज्यादा संक्रमण होने के कारण आंख निकालनी पड़ी। अब रामफल पीजीआई रोहतक में उपचाराधीन है, जबकि अन्य परिजन अपने मरीजों को अलग.अलग अस्पतालों में ले गए।

रामफल के बेटे अमरपाल ने बताया कि ऑपरेशन के अगले ही दिन चिकित्सक को आंख दिखाने गए थे और उनके पिता की आंख चिपकी हुई थी। इसके बाद उनको दवाई देकर भेज दिया गया। बाद में उन्हें पीजीआई रोहतक भेजा गया जहां उनके पिता की आंख निकालनी पड़ी। इस मामले को लेकर सीएमओ से मिले थे लेकिन कोई ठोस जवाब नहीं मिला।

संक्रमण का मामला दस दिन बाद आना कई तरह के सवालिया निशान खड़े कर रहा है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने जांच के नाम पर अभी तक इस मामले में एक कदम भी नहीं बढ़ाया है। अभी तक केवल ऑपरेशन थिएटर के सेंपल भेजे गए हैं, जिनमें से कुछ रिपोर्ट आ चुकी हैं जबकि कुछ अभी आनी बाकी हैं।

डिप्टी सीएमओ डा. पालेराम कटारिया ने बताया कि सीएमओ व पीएमओ फिलहाल छुट्टी पर हैं और 26 जून को आएंगे। इस बारे में कमेटी गठित की गई या नहीं इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।

Explore our articles