जम्मू : (Jammu) जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने शनिवार को भाजपा पर निशाना साधते हुए क्षेत्र के प्रति उसकी प्रतिबद्धता पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि सत्ता में होने के बावजूद भाजपा पिछले एक दशक में जम्मू-कश्मीर में दरबार मूव को लागू करने में विफल रही है।
चौधरी ने संवाददाताओं से कहा कि हम हमेशा जम्मू-कश्मीर दोनों को समान महत्व देते हैं। भाजपा ने पिछले 10 वर्षों में जम्मू-कश्मीर में दरबार मूव को लागू क्यों नहीं किया। नेशनल कॉन्फ्रेंस ने हमेशा जम्मू के साथ न्याय किया है।
उन्होंने कहा कि अगर दरबार मूव होता तो जम्मू में कारोबारियों को काफी फायदा होता। पिछली नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकारों के दौरान जम्मू क्षेत्र को न्याय मिला। चौधरी ने जोर देकर कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस ने हमेशा जम्मू की जरूरतों को प्राथमिकता दी है और क्षेत्र के साथ न्याय किया है।
दरबार मूव जम्मू-कश्मीर में महत्वपूर्ण परंपरा है। राज्य सरकार साल में दो बार श्रीनगर और जम्मू के बीच अपना आधार स्थानांतरित करती है। यह प्रथा महाराजा रणजीत सिंह के समय से चली आ रही है और इसे दोनों क्षेत्रों के बीच संतुलन बनाए रखने के तरीके के रूप में देखा जाता है। व्यवस्था के तहत मई से अक्टूबर तक सरकारी कार्यालय ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में संचालित होते हैं जबकि अन्य छह महीने वे शीतकालीन राजधानी जम्मू में काम करते हैं।


