जयपुर : सांगानेर थाना इलाके में रिंग रोड के पास खाली प्लाट में शनिवार सुबह युवती की लाश मिलने का मामला सामने आया है। युवती का गला दबाकर मारने के बाद शव को खाली प्लाट में फेंका गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मृतका की शिनाख्त नहीं होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी अस्पताल के मुर्दाघर में भिजवाया गया। वहीं पुलिस ने एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम की मदद से सबूत जुटाए।
थानाधिकारी पूरणमल ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि रिंग रोड के पास सूरजपुरा वाटिका में युवती की लाश पड़ी है। मृतका की पहचान के प्रयास किए, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि हत्यारों ने गला दबाकर युवती की हत्या कहीं और की है। मारने के प्रयास के दौरान युवती ने हत्यारे से काफी संघर्ष भी किया है। संघर्ष के चलते ही युवती का एक हाथ भी टूट गया। युवती को मौत के घाट उतारने के बाद शुक्रवार देर रात शव को खाली प्लाट में लाश फेंकने के बाद हत्यारा फरार हो गया। पुलिस मृतका की पहचान का प्रयास कर रही है।


