spot_img

Jaipur : बाल सुधार गृह की बाथरूम का वेंटिलेशन तोड भागे पन्द्रह बाल अपचारी

जयपुर: (Jaipur) ट्रांसपोर्ट नगर इलाके के सेठी कॉलोनी स्थित बाल सुधार गृह की बाथरम का खिड़की (वेंटिलेशन) की दीवार तोड़कर मंगलवार देर रात को पन्द्रह बाल अपचारी फरार हो गए। इस घटना की जानकारी मिलने पर बाल सुधार गृह में हड़कंप मच गया। बाल अपचारियों की फरार होने की सूचना मिलते ही जयपुर (पूर्व) पुलिस उपायुक्त ज्ञानचंद यादव सहित अन्य पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी लेकर इलाके में नाकाबंदी करवाई।

पुलिस की चार टीमें फरार बाल अपचारियों की तलाश में जुटी हैं। बाल सुधार गृह के अधीक्षक मनोज गहलोत ने फरार हुए बाल अपचारियों का मामला थाने में दर्ज करवाया। पुलिस जानकारी में सामने आया कि फरार बाल अपचारियों में एक बाल अपचारी की मंगलवार जमानत हो चुकी थी और उसकी बुधवार को रिहाई होनी थी। उसके वकील जब जमानत के दस्तावेज लेकर बाल सुधार गृह पहुंचे तो पता चला कि वह रात में ही फरार हो गया है। बाल सुधार गृह से भागने वाले पन्द्रह बाल अपराधियों के बारे में पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी हैं। बाल सुधार गृह में लगे सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस चैक कर रही है।

बाल सुधार गृह के अधीक्षक मनोज गहलोत ने बताया कि मंगलवार रात तीन बजे बाथरुम का वेंटिलेशन के ऊपर की दीवार तोड़कर पन्द्रह बाल अपचारी पागलखाने की तरफ कूदकर फरार हो गए। इस संबंध में थाने में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। बाल सुधार गृह की दीवार तोड़कर फरार हुए सभी पन्द्रह बाल अपचारियों में चोरी, मारपीट और दुष्कर्म के आरोपित बाल अपचारी शामिल हैं। इनमें से एक बाल अपचारी दो जून को भी फरार हो गया था। उसे करीब दस दिन बाद पकड़कर वापस बाल सुधार गृह लाया गया था। वह मंगलवार रात फिर से फरार हो गया है।

ट्रांसपोर्ट नगर थानाधिकारी जयप्रकाश ने बताया कि पुलिस फरार बाल अपचारियों की तलाश में जुटी हुई है। इसके लिए ट्रांसपोर्ट नगर थाने के साथ ही आदर्श नगर, जवाहर नगर थाने और जिला स्पेशल टीम जयपुर पूर्व (डीएसटी) भी फरार बाल अपचारियों की तलाश कर रही है। इसके अलावा पुलिस टीम बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के साथ ही उनके भागने के संभावित स्थानों पर तलाश में जुटी है। यहां से भागने वाले सभी नाबालिग बच्चे दौसा, करौली, जयपुर ग्रामीण, दूदू, जयपुर कमिश्नरेट के हैं। वहां भी उनके निवास स्थान वाले थाना पुलिस को भी उनके बारे में जानकारी दी गई है। इधर अब तक जांच में सामने आया कि दौसा का एक नाबालिग हत्या के प्रयास के मामले में जयपुर के बाल सुधार गृह में बंद था। इसकी दोस्ती जयपुर और दूदू के तीन वाहन चोर नाबालिग बाल अपचारियों से हुई। इसके बाद इन लोगों ने यहां से भागने की योजना बनाई थी। 27 जून की रात को योजना के अनुसार दो नाबालिग उठे और बाथरूम में घुसे। दोनों ने वेंटिलेशन को तोड़ा और सावधानी से उसे नीचे उतारा। फिर एक नाबालिग बाथरूम से बाहर आया और उसने सभी को इशारा दिया। इसके बाद अन्य नाबालिग भी बाथरूम में एक-एक घुसे और वेंटिलेशन के अंदर घुस कर छत पर पहुंचे। जहां से यह लोग पागल खाने की दीवार तक पहुंचे और पागल खाने की छत पर कूद कर सीढ़ियों से नीचे उतर गए।

Explore our articles