जयपुर : पुलिस मुख्यालय की स्पेशल टीम क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (सीआईडी क्राइम ब्रांच) की टीम ने दौसा में नकली घी बनाने की फैक्ट्री पर कार्रवाई कर एक हजार 350 किलो नकली घी व एक टेम्पू गाडी बरामद किया है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक पुलिस (अपराध शाखा) राजस्थान जयपुर दिनेश एमएन ने बताया कि सीआईडी क्राइम ब्रांच जयपुर की टीम की ओर से लगातार शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के तहत अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जा रही है। इसी के चलते सीआईडी टीम ने दौसा जिले के बसवा थाना इलाके में नकली घी बनाने की फैक्ट्री पर कार्रवाई कर एक हजार 350 किलो नकली घी जब्त किया गया है और साथ ही इस मामले में खाद्य विभाग को सूचना दी गई।
पुलिस महानिरीक्षक पुलिस सीआईडी (अपराध शाखा) प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना पर दौसा जिला के बसवा थाना क्षेत्र में सीआईडी टीम,खाद्य विभाग एवं दौसा पुलिस टीम ने नकली घी बनाने की फैक्ट्री को चिह्नित किय और नकली घी फैक्ट्री पर कार्रवाई कर एक हजार तीन सौ पचास किलो नकली घी पकड़ा गया। पुलिस कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री में कोई नहीं मिला, इस फैक्ट्री कौन चला रहा था और किसके नाम से है इसका पता लगाया जा रहा है।


