spot_img

Istanbul : पाकिस्तान और तुर्किये रणनीतिक सहयोग को आगे ले जाने पर सहमत

इंस्ताबुल (तुर्किये) : (Istanbul) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ (Pakistan Prime Minister Shahbaz Sharif) ने तुर्किये के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेता रणनीतिक साझेदारी को और ऊंचाइयों पर ले जाने पर सहमत हुए। शहबाज चार मित्र देशों की यात्रा के तहत कल दो दिवसीय दौरे पर तुर्किये पहुंचे। प्रधानमंत्री 30 मई तक ईरान, अजरबैजान और ताजिकिस्तान (Azerbaijan and Tajikistan) का दौरा करेंगे।

द नेशन अखबार की आज की खबर के अनुसार शहबाज ने इस्तांबुल में राष्ट्रपति एर्दोआन के साथ बैठक में भारत के साथ तनाव के दौरान पाकिस्तान का समर्थन करने के लिए तुर्किये की सराहना की। बैठक में पाकिस्तान और तुर्किये ने क्षेत्रीय शांति, सतत विकास और साझा समृद्धि के लिए रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के अलावा द्विपक्षीय बहुआयामी सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई है।

प्रधानमंत्री शहबाज (Prime Minister Shahbaz) के साथ फील्ड मार्शल सैयद असीम मुनीर, उप प्रधानमंत्री मोहम्मद इशाक डार, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अताउल्लाह तरार, प्रधानमंत्री के विशेष सलाहकार सैयद तारिक फातमी और तुर्किये में पाकिस्तान के राजदूत डॉ. यूसुफ जुनैद भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री शहबाज ने अक्षय ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी, रक्षा उत्पादन, बुनियादी ढांचे के विकास और कृषि सहित प्रमुख क्षेत्रों पर तुर्किये के राष्ट्रपति से चर्चा की।

दोनों नेताओं ने 13 फरवरी को इस्लामाबाद में रणनीतिक सहयोग परिषद के सातवें सत्र में लिए गए प्रमुख निर्णयों के कार्यान्वयन पर भी चर्चा की। दोनों पक्षों ने 5 बिलियन अमेरिकी डॉलर का वार्षिक द्विपक्षीय व्यापार लक्ष्य प्राप्त करने के लिए कदम उठाने पर सहमति व्यक्त की। दोनों नेताओं ने गाजा में गंभीर मानवीय स्थिति पर भी गहरी चिंता व्यक्त की।

पाकिस्तान के सरकारी प्रसारक पीटीवी न्यूज ने बताया कि शहबाज और एर्दोगन के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक हुई। इसमें विदेशमंत्री मोहम्मद इशाक डार, सेना प्रमुख फील्ड मार्शल सैयद असीम मुनीर और सूचना और प्रसारण मंत्री अताउल्लाह तरार ने हिस्सा लिया।

Explore our articles