spot_img

Imphal : मणिपुर में छह मोर्टार के गोले, एक आईईडी बरामद

12 बंकरों को किया नष्ट

30 जून तक जारी रहेगा इंटरनेट पर प्रतिबंध

इंफाल : मणिपुर में आसन्न हिंसा को रोकने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे सघन तलाशी एवं छापामारी अभियान के दौरान आज सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली। छह मोर्टार के गोले और एक आईडी बरामद किया गया। इधर, सरकार ने किसी भी तरह की अफवाह को रोकने के उद्देश्य से राज्य में लगे इंटरनेट तथा मोबाइल सेवाओं पर प्रतिबंध को और पांच दिनों के लिए बढ़ा दिया है।

मणिपुर पुलिस के हवाले से मिली खबरों के अनुसार आज राज्य के तामेंगलांग, इंफाल पूर्व, बिष्णुपुर, कांगपोकपी, चुराचंदपुर और काकचिंग जिलों सहित पहाड़ी और घाटी दोनों जिलों में तलाशी अभियान चलाया गया। 25 जून को तलाशी अभियान के दौरान पहाड़ियों और घाटी के जिलों में 12 बंकर नष्ट कर दिए गए। राज्य और केंद्रीय बलों की एक संयुक्त टीम ने चंदेल जिले के अंतर्गत साहूमफेई गांव के क्षेत्र में धान के खेत से 51 मिमी के तीन मोर्टार गोले और 84 मिमी के तीन मोर्टार गोले और चुराचांदपुर जिले के अंतर्गत कांगवई और एस कोटलियान गांवों के बीच के क्षेत्र में स्थित धान के खेत से एक आईईडी बरामद किया।

मणिपुर में पिछले 24 घंटों में मौजूदा अशांति को बेअसर करने के लिए राज्य के विभिन्न हिस्सों में जारी एक अभियान के दौरान संयुक्त टीम ने कई अत्याधुनिक हथियार बरामद किए। रिपोर्ट के अनुसार, बरामद मोर्टार के गोले और आईईडी को राज्य बम निरोधक दस्ते द्वारा नष्ट कर दिया गया। सुरक्षा बलों ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बंकरों को भी ध्वस्त किया।

मणिपुर पुलिस नियंत्रण कक्ष द्वारा यह भी बताया गया कि मणिपुर में स्थिति तनावपूर्ण है। लेकिन, कुछ स्थानों पर नियंत्रण में है। कुछ छिटपुट घटनाएं हुई हैं। लेकिन, अधिकांश जिलों में स्थिति सामान्य हैं।

राज्य और केंद्रीय बलों द्वारा संवेदनशील इलाकों में गश्त, फ्लैग मार्च और घेराबंदी एवं तलाशी अभियान चलाए जाने का जिक्र करते हुए कहा गया है कि पिछले 24 घंटे में पुलिस ने कर्फ्यू उल्लंघन, परित्यक्त घरों में चोरी, आगजनी के मामलों और अन्य के सिलसिले में 135 लोगों को गिरफ्तार किया है।

इसमें कहा गया है कि सुरक्षा उपायों के तहत राज्य के विभिन्न हिस्सों में फ्लैग मार्च, इलाके में तैनाती, घेराबंदी और तलाशी अभियान जारी है।

Explore our articles