spot_img

Imphal: हिंसा प्रभावित क्षेत्र में चिकित्सा और राहत मुहैया करा रही असम राइफल्स

इंफाल:(Imphal) मणिपुर में जातीय संघर्ष से जन हानि के साथ ही बड़े पैमाने पर संपत्ति की क्षति हुई है। अराजकता और हिंसा के बीच असम राइफल्स लगातार विभिन्न चुनौतियों का मुकाबला करते हुए स्थानीय लोगों को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध करा रही है।

असम रायफल्स ने बुधवार को एक बयान जारी कर बताया है कि बाल रोग विशेषज्ञ, एनेस्थियोलॉजिस्ट, स्त्री रोग विशेषज्ञ, चिकित्सा विशेषज्ञ और तीन अन्य डॉक्टरों सहित असम राइफल्स के सात डॉक्टरों की एक एकीकृत मेडिकल टीम अब तक दो हजार पांच सौ महिलाओं और एक हजार बच्चों सहित लगभग चार हजार पांच सौ लोगों को मुफ्त चिकित्सा परामर्श, उपचार और विभिन्न बीमारियों के लिए मुफ्त दवाएं वितरित कीं।

असम राइफल्स ने सबसे अधिक हिंसा प्रभावित स्थानों पर आंतरिक रूप से विस्थापित नागरिकों के लिए चिकित्सा जांच और मानवीय सहायता के लिए एक मेगा चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। पूरे मणिपुर के कांगपोकपी, मोटबंग, सैकुल, लीटनपोकपी और डोलैथाबी सहित कई स्थानों पर राहत शिविर भी लगाए।

असम राइफल्स के डॉक्टरों ने राहत शिविरों में साफ-सफाई और स्वच्छता पर भी ध्यान केंद्रित किया। भीड़भाड़, स्वच्छता सुविधाओं की कमी और स्वच्छ पानी न मिलने से विभिन्न गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल संक्रमण हो सकते हैं। डॉक्टरों ने हैजा, टाइफाइड और श्वसन संक्रमण जैसी बीमारियों के प्रसार को कम करने के लिए स्वच्छता पर शिक्षा और पर्याप्त स्वच्छता मार्गदर्शन जैसे निवारक उपायों को लागू करने पर ध्यान केंद्रित किया है।

Explore our articles