हांगकांग : (Hong Kong) दुनिया में अपनी निराली चमक और दमक के लिए विख्यात हांगकांग अपने इतिहास की भयावह आग से जूझ रहा है। परसों आठ बहुमंजिला आवासीय इमारतों (टॉवर्स) में लगी आग में आज सुबह तक 94 लोगों की जान चली गई। इनमें से चार इमारतों की आग गुरुवार रात तक बुझाई जा चुकी थी। तीन इमारतों में दमकल विभाग (fire department) के कर्मचारी कड़ी मशक्कत कर रहे थे। एक टॉवर को सुरक्षित बताया गया था। अधिकारियों का कहना है कि बचाव अभियान की आखिरी कोशिशों के बीच आग फिर भड़क गई और इलाका धुआं से भर गया। आग की चपेट में आए यह सभी टॉवर ‘ताई पो के वांग फुक कोर्ट’ क्षेत्र में हैं।
हांगकांग में सबसे ज्यादा पढ़े जाने वाले द स्टैंडर्स अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि आज तड़के घटनास्थल से पांच शव और मिले। इनमें दो शव बच्चों के हैं। गुरुवार शाम लगभग पांच बजे एक इमारत में फिर से आग भड़क गई। घटनास्थल पर पहले से मौजूद दमकल विभाग के कर्मचारियों ने पानी का छिड़काव करने के लिए ऊंची सीढ़ी लगाई। रात भर जीवित लोगों की तलाशी के लिए अभियान चलाया गया। अस्पताल के कर्मचारियों ने प्रभावित क्षेत्र से पांच शव निकाले। इनमें दो बच्चों के हैं।
दमकल विभाग (fire department) ने अब तक 94 लोगों की मौत हो जाने की पुष्टि की है। 78 लोग बेहद गंभीर हैंं। इन आठ टॉवर्स में करीब 2,000 फ्लैट हैं। अधिकारियों ने कल बताया था कि इस संबंध में भवन निर्माण कंपनी के तीन अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें दो निदेशक और एक सलाहकार अभियंता है। स्वास्थ्य सचिव लो चुंग-माऊ (Health Secretary Lo Chung-mou) का कहना है कि इस त्रासदी में बहुत से लोगों की मौत धुआं में दम घुटने से भी हुई है। गिरफ्तार अधिकारियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।


