पुलिस व वन्य प्राणी विभाग की टीम मौके पर, चला रही सर्च अभियान
हिसार:(Hisar ) शहर के ऋषि नगर में रविवार सुबह तेंदुआ (panther) घुसने की सूचना से क्षेत्रवासियों में हडक़ंप मच गया। सीसीटीवी में तेंदुआ नजर आने के बाद लोगों ने पुलिस व वन्य प्राणी विभाग को सूचना दी, जिस पर दोनों विभागों की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान चलाया।
बताया जाता हैं कि रविवार सुबह ऋषि नगर क्षेत्र में तेंदुआ की शक्ल का एक जीव देखा गया। ऋषि नगर में एक निजी शिक्षण संस्थान के पास एक महिला सविता घर के सामने सफाई कर रही थी। इसी दौरान तेंदुआ की शक्ल का एक जीव वहां से गुजरा तो एक व्यक्ति ने कहा कि बहन जी भागो शेर आया हुआ है। इस पर वह महिला दौडक़र अंदर चली गई। कुछ ही देर में यह बात पूरे क्षेत्र में फैल गई।
क्षेत्रवासियों ने तेंदुआ घुसने की सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई और आसपास में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जिसने एक तेंदुआ नजर आ रहा है। डीएसपी सत्यपाल यादव व शहर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद है। वन्य प्राणी विभाग की टीम को भी मामले के बारे में सूचित कर दिया। पुलिस व वन्य विभाग की टीम क्षेत्र में सर्च अभियान चला रही है लेकिन अभी तक दोबारा तेंदुआ नजर नहीं आया, जिससे उसे पकड़ा जा सके।


