Tuesday, October 3, 2023
Homecrime newsHisar : गुरूग्राम नगर निगम में नौकरी लगवाने के नाम पर हड़पे...

Hisar : गुरूग्राम नगर निगम में नौकरी लगवाने के नाम पर हड़पे साढ़े चार लाख

पुलिस ने चार आरोपितों पर दर्ज किया केस, गिरफ्तारी नहीं

हिसार : गुरुग्राम नगर निगम में नौकरी लगाने के नाम पर जिले के गंगवा गांव निवासी युवक से लगभग साढ़े चार लाख की धोखाधड़ी कर ली गई। आरोपित लोग उसके ससुराल वालों के जानकार बताए जा रहे हैं। आरोपितों ने युवक को नगर निगम का फर्जी ज्वाइनिंग लेटर और आई कार्ड भी दिया। जब युवक नौकरी ज्वाइन करने गया तो अधिकारियों ने स्थिति स्पष्ट की। जिस पर उसे धोखे का पता चला।

पुलिस को दी शिकायत में गंगवा गांव के सोनू ने कहा है कि उसकी शादी कुरुक्षेत्र में हुई है। ससुराल के पड़ोस में ही नरेश और उसकी पत्नी मीनू रहते हैं, जिस कारण उनके साथ बोलचाल थी। उन्होंने 13 जुलाई 2022 को फोन करके कहा कि वे हिसार आ रहे हैं। नरेश, मीनू, मीनू का भाई मुकेश और अमन छाबड़िया हिसार स्थित उसके घर पर आए। सभी को पता था कि उसने बी-टैक कर रखी है और बेरोजगार है। मीनू ने उसे कहा कि अमन उसकी बहन का लड़का है और उसकी बेटी को दिल्ली पुलिस में नौकरी लगवा रहा है। वे उसे भी नौकरी लगवा सकते हैं। गुरुग्राम नगर निगम में क्लर्क की पोस्ट खाली है, वे उसे नौकरी लगवा सकते हैं लेकिन इसके लिए पांच लाख का खर्च आएगा। अगले दिन अमन ने अपने मोबाइल पर उसके सारे डॉक्यूमेंट मंगवा लिए।

इसके बाद 15 जुलाई को गुरुग्राम सिविल अस्पताल में उसका मेडिकल भी करवा दिया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार 13 अगस्त 2022 को आरोपित घर आए तो उसने अपने चाचा अजमेर के सामने ही उन्हें को तीन लाख रुपये दे दिए। इसके बाद 20 अगस्त को 40 हजार ऑनलाइन ट्रांसफर किए। सोनू के अनुसार 24 अगस्त 2022 को गुरुग्राम नगर निगम सेक्टर-34 में उसे ज्वाइनिंग के लिए बुलाया। वह अपने चाचा और दो दोस्तों के साथ वहां गया। वहां पर उसे मुकेश और साहिल मिले। उसकी बायोमेट्रिक अटेंडेंस लगवाई और कहा कि बाकी काम अमन करेगा, लेकिन वह नहीं आया। जब उसने वहां निगम कर्मचारियों को डॉक्यूमेंट दिखाए तो उन्होंने बताया कि ये नकली हैं। बाद में उसने अमन और अन्य को फोन किया तो वे धमकी देने लगे। पुलिस ने सोनू की शिकायत पर चारों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

इससे जुडी खबरें

सबसे ज्यादा पढ़ी जाने वाली खबर