spot_img

Hisar : बुजुर्गों को घर वापस ले जाकर उनका तिरस्कार न करें : मोक्ष वृद्धाश्रम

मोक्ष वृद्घाश्रम से घर वापस पहुंचे बजुर्गों की दयनीय दशा पर जताई चिंता

स्वस्थ होकर घर पहुंचे बुजुर्गों को दर-दर की ठोकरें खाने के लिए छोड़ना चिंतनीय विषय

हिसार : बुजुर्गों की निशुल्क देखभाल, सेवा व समुचित इलाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे मोक्ष वृद्धाश्रम में बहुत से लाचार, लावारिस या दिव्यांग वृद्ध स्वस्थ व खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहे हैं। मोक्ष वृद्धाश्रम की संरक्षक पंकज संधीर व प्रधान विजय भृगु ने रविवार को बताया कि कई बुजुर्ग जब मोक्ष वृद्धाश्रम पहुंचते हैं तो वे या तो काफी बीमार होते हैं या फिर मानसिक अवसाद से ग्रस्त होते हैं। समुचित देखभाल, सेवा व इलाज के बाद अधिकतर बुजुर्ग स्वस्थ हो जाते हैं।

पुलिस की सहायता से कोशिश करने पर बहुत से बुजुर्गों के परिजनों का पता भी मिल जाता है। उन्होंने बताया कि मोक्ष वृद्धाश्रम से बहुत से परिजन मजबूरीवश बुजुर्ग सदस्य को अपने घर ले जाते हैं लेकिन यह विडंबना ही है कि सही देखभाल के अभाव में या तो वह बुजुर्ग दोबारा सड़कों पर निकल जाता है या फिर उसे बोझ समझकर घर से निकाल दिया जाता है।

पंकज संधीर व विजय भृगु ने बताया कि बुजुर्ग महिला कमला देवी समुचित इलाज व देखभाल से मोक्ष वृद्धाश्रम में सही ढंग से जीवन यापन कर रही थी। परिजनों का पता मिलने पर वे मजबूरीवश उसे अपने साथ घर ले गए लेकिन अब फिर से वह महिला लावारिस हालत में है। उन्होंने कहा कि मोक्ष वृद्धाश्रम ऐसे बुजुर्गों की सेवा व संभाल के लिए हर समय तत्पर है। यदि परिजन बुजुर्ग को संभालने में सक्षम नहीं हैं तो उन्हें मोक्ष वृद्धाश्रम से वापस नहीं ले जाना चाहिए।

उन्होंने अपील की कि घर पर प्रताड़ित होने या दोबारा घर से निकालने से बेहतर है कि वृद्धों को मोक्ष वृद्धाश्रम में शांतिपूर्वक जीवन व्यतीत करने दिया जाए। मोक्ष वृद्धाश्रम वृद्धों की समुचित देखभाल के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि मोक्ष वृद्धाश्रम में हरियाणा भर से ही नहीं बल्कि विभिन्न राज्यों के बुजुर्ग शालीन जिंदगी व्यतीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह आश्रम बेसहारा, दिव्यांग व लाचार बुजुर्गों के लिए वरदान साबित हो रहा है। मोक्ष वृद्धाश्रम में महिलाओं के लिए मंदबुद्धि आश्रम का संचालन भी किया जा रहा है। यहां मानसिक रूप से अशक्त महिला बुजुर्गों की संपूर्ण देखभाल निशुल्क की जाती है।

Explore our articles