spot_img

Hisar :राष्ट्रीय राजमार्ग पर पलटी एसी वोल्वो बस, एक की मौत, 15 घायल

हिसार:(Hisar ) जिले के कस्बा हांसी (Hansi town of the district) में राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित कैंची चौक के समीप स्थित बुधवार अल सुबह करीब दो बजे एक तेज रफ्तार निजी परिवहन की एसी वोल्वो बस पलट गई। इसमें गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बस की छत पर अत्यधिक सामान व स्पीड होने के चलते डिवाइडर से टकरा कर बस राजमार्ग पर पलट गई।

हादसे की सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी उदयभान गोदारा पुलिस बल सहित शहर की सभी डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और बस के शीशे तोड़ कर बस में सवार सभी घायलों को निकाल कर उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हादसे में एक व्यक्ति की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे हिसार रेफर कर दिया गया जहां उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस की स्पीड बहुत ज्यादा थी और बस की छत पर सामान ज्यादा होने के कारण कैंची चौक पर अनियंत्रित बस डिवाइडर से टकरा कर राजमार्ग पर पलट गई। हादसे के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए।

बस में सवार यात्रियों ने बताया कि एक निजी परिवहन की एक एसी वोल्वो बस मंगलवार रात 11 बजे दिल्ली से चलकर श्रीगंगानगर शहर जा रही थी। बुधवार अल सुबह जब यह बस हांसी बाईपास पर कैंची चौक के समीप पहुंची तो बस की तेज स्पीड के चलते बस चालक बस को नियंत्रित नहीं रख सका और अनियंत्रित बस डिवाइडर से टकरा कर सड़क पर पलट गई।

बस में बैठी सवारियों ने बताया कि बस की छत व बस के अंदर अत्यधिक सामान तथा बस की स्पीड बहुत ज्यादा होने के कारण यह हादसा हुआ है। सवारियों का कहना था कि दिल्ली से चलने के बाद बस चालक ने कहीं भी बस को नहीं रोका और तेज गति व लापरवाही के साथ बस को चला रहा था, जिस कारण कैंची चौक के समीप बस डिवाइडर से टकरा कर सड़क पर पलट गई। बस के पलटने से सवारियों में चीख-पुकार मच गई। अगर बस की स्पीड कम होती तो बस नहीं पलटती। स्लीपर बस होने के कारण बस में सवार अधिकांश यात्री सो रहे थे। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को सड़क से उठा करके जाम राजमार्ग पर आवागमन सुचारू करवाया। पुलिस द्वारा बस हादसे के कारणों की जांच जा रही है।

Explore our articles