हरिद्वार : सरकारी जमीनों से अवैध कब्जे हटाओ अभियान के अंतर्गत गुरुवार को प्रशासनिक टीम ने लालजी वाला में बड़े स्तर पर अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। इनमें से अधिकांश संख्या में उन मुस्लिम गुर्जरों के डेरे थे, जिन्हें सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर राजाजी पार्क से विस्थापित किया गया था लेकिन यह विस्थापन स्थल पथरी क्षेत्र में न रहकर लाल जी वाला में अपने पशुओं के साथ कई वर्षों से डेरा डाले हुए थे। यह क्षेत्र हर की पैड़ी के बिल्कुल समीप है।
जिलाधिकारी दिनेश शंकर पांडे के निर्देश पर उप-जिलाधिकारी पूरन सिंह राणा के नेतृत्व में लालजी वाला में 200 अतिक्रमणों को ध्वस्त करने की बड़ी कार्रवाई की गयी जिससे लालजीवाला में चारों तरफ हड़कंप का माहौल बना हुआ था। इसके अतिरिक्त सप्तऋषि बन्धा के निकट लालकोठी के आसपास हरियाणा तथा पंजाब के लोगों द्वारा अतिक्रमित लगभग सात धार्मिक ढांचों को भी धराशायी कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी जमीनों पर किसी भी प्रकार का कोई भी अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जायेगा तथा कहीं पर भी अगर सरकार की एक इंच भी जमीन पर अतिक्रमण किया गया है, तो उसे अतिक्रमण से मुक्त कराया जायेगा।
इस अवसर पर नगर निगम, सिंचाई, लोक निर्माण सहित पुलिस एवं प्रशासन के सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।


