हरिद्वार : हरिद्वार में कांवड़ मेले के संपन्न होते ही नगर निगम की टीम ने हरकी पैड़ी एवं उसके आसपास के घाटों पर सफाई अभियान चलाया। नगर आयुक्त दयानंद सरस्वती ने बताया कि नगर निगम के साढ़े तीन सौ कर्मचारियों ने आठ घंटों में करीब पांच हजार मिट्रिक टन कूड़ा उठाया। कूड़ा उठाने के लिए करीब अस्सी कूड़ा वाहनों को लगाया गया था।
कावड़ यात्रा के अंतिम तीन दिनों में काफी संख्या में कांवड़ियों के आ जाने से हरकी पैड़ी घाट, गऊघाट, रोड़ी बेलवाला, पंतद्वीप एव उसके आसपास से कूड़ा उठाना नगर निगम के लिए संभव न हो सका था। जिसके चलते हरकी पैड़ी के मालवीय घाट, सुभाष घाट, नाई सोता में सफाई कार्य लगभग बंद हो गया था। इन क्षेत्रों में कूड़े के ढेर लग गए थे। 15 जुलाई के बाद से जैसे ही कांवड़ियों की भीड़ इन क्षेत्रों में कम हुई तो नगर निगम की टीम ने देर रात से इन क्षेत्रों में बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलाया।
नगर आयुक्त ने बताया कि कल सोमवाती अमावस्या का स्नान है। इसलिए उससे पहले हरकी पैड़ी के आसपास के घाटों को समय रहते स्वच्छ करना एक चुनौती भरा कार्य था।। नगर निगम की टीम ने रात भर काम कर गंगा घाट एवं उसके आसपास के इलाकों को पूरी तरह कूड़ा विहिन कर दिया।



