spot_img

Hamirpur : हमीरपुर मे एडीजे पर हमला, सुरक्षा कर्मियों ने बचाई जान

मुकदमा दर्ज, वकील गिरफ्तार

हमीरपुर : हमीरपुर में शनिवार को एडीजे (एफटीसी-2) पर जानलेवा हमला किए जाने से हड़कंप मच गया। कार में बैठे एडीजे को खींचकर उनका गला दबाया गया। सुरक्षा कर्मियों और वकीलों ने किसी तरह हमलावरों से एडीजे को बचाया।

घटना की सूचना पाते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और एक वकील को गिरफ्तार कर लिया है। एडीजे की तहरीर पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में वकील के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर लिया है। बार संघ ने एडीजे पर हमला करने वाले वकील की सदस्यता भी खत्म कर दी है।

हमीरपुर में शनिवार की सुबह 10 बजे के आसपास कचहरी के गेट नंबर दो के पास एडीजे (एफटीसी द्वितीय) सुदेश कुमार जैसे कार से पहुंचे वैसे ही बीच रास्ते में वकील रामदास सविता ने अपनी बाइक लगाकर एडीजे की कार रोक ली और उन्हें कार से खींच लिया और जानमाल की धमकी देते हुए गला दबाने लगा। इससे कचहरी परिसर में हड़कंप मच गया। अन्य वकील भी मौके पर पहुंचे और हमलावर वकील रामदास को काबू में करके अलग किया।

एडीजे ने कोतवाली में दी गई तहरीर के हवाले से बताया कि वकील एनडीपीएस के मामले में एक अपराधी की जमानत में फर्जी शपथपत्र लगाया था। मामला खुलने पर उन्होंने उसे फर्जी काम करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी थी। इसी वजह से वकील नाराज था और आज उसने इस घटना को अंजाम दे डाला।

कोतवाल दुर्गविजय सिंह ने आज शाम बताया कि वकील रामदास के विरुद्ध जानलेवा हमला सहित संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। डिस्ट्रिक्ट बार संघ ने भी घटना की निंदा करते हुए वकील की सदस्यता खारिज कर दी है।

Explore our articles