spot_img

Gwalior : ग्वालियर में 29 मई से 30 जून तक लेगा समर मेला

सांस्कृतिक आयोजनों के साथ-साथ खान-पान की लगेंगीं दुकानें, बच्चे उठा सकेंगे झूलों का आनंद

ग्वालियर : शहरवासियों के लिये एक अच्छी खबर है। ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण द्वारा 29 मई से 30 जून तक समर मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में शहरवासियों के लिये खान-पान के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा। यह जानकारी सोमवार को संभागीय आयुक्त दीपक सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को समर मेले के आयोजन के संबंध में हुई बैठक में दी गई। कमिश्नर सिंह ने बैठक में मेले में व्यापक तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में एडीजीपी डी श्रीनिवास वर्मा, कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल, नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह, एडीएम एचबी शर्मा, एसडीएम अशोक चौहान, अपर आयुक्त नगर निगम विजय राज, मेला सचिव सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

संभागीय आयुक्त दीपक सिंह ने कहा कि प्राधिकरण द्वारा समर मेले का आयोजन व्यवस्थित रूप से किया जाए। मेले में साफ-सफाई और सुरक्षा के पुख्ता प्रबंधन हों। दुकानदारों से साफ-सफाई और पुलिस वेलफेयर के लिये भी राशि ली जाए। उन्होंने कहा कि अग्नि दुर्घटना की संभावनाओं को देखते हुए सभी दुकानों पर अग्नि दुर्घटना से बचाव के लिये आवश्यक उपकरण उपलब्ध रहें, यह भी सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि झूला सेक्टर में लगने वाले झूलों के लिये सुरक्षा की सभी जाँचें अनिवार्यत: कराई जाएं। मेला स्थल पर नगर निगम के माध्यम से फायर ब्रिगेड की उपलब्धता हो, यह भी सुनिश्चित किया जाए। मेले में स्वच्छता अभियान के तहत साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग किसी भी स्थिति में न हो, यह भी सुनिश्चित किया जाए। हर दुकानदार की दुकान के बाहर डस्टबिन रखवाना सुनिश्चित किया जाए।

एडीजीपी डी श्रीनिवास वर्मा ने कहा कि समर मेले के दौरान आने वाले सैलानियों के लिये बेहतर पार्किंग व्यवस्था हो, यह भी सुनिश्चित किया जाए। मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान भी सुरक्षा और पार्किंग के प्रबंधन अच्छे से किए जाएँ।

कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने बैठक में कहा कि मेला प्राधिकरण मुख्य मेला, समर मेला आयोजन के साथ-साथ वर्ष भर गतिविधियाँ आयोजित करे। इसके लिये वार्षिक कैलेण्डर तैयार करे ताकि ग्वालियर व्यापार मेले में वर्ष भर गतिविधियाँ आयोजित हो सकें। मेला प्राधिकरण मेला परिसर में रंगाई-पुताई के साथ-साथ साफ-सफाई पर भी नियमित ध्यान दें। उन्होंने कहा कि समर मेले के दौरान भी स्थानीय कलाकारों के माध्यम से बेहतर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी मेला प्राधिकरण विशेष ध्यान दे।

नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह ने कहा कि समर मेले के दौरान और उसके बाद भी नगर निगम के माध्यम से साफ-सफाई के विशेष प्रयास किए जाएंगे। स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 में ग्वालियर को बेहतर रैंकिंग मिले, इसके लिये स्वच्छता के प्रति जन जागरूकता के उद्देश्य से समर मेले में भी निगम के माध्यम से विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जायेंगीं। बैठक के प्रारंभ में मेला सचिव ने समर मेले के आयोजन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

New Delhi : व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ाने के लिए भारत-नेपाल व्यापार महोत्सव का आयोजन

नई दिल्ली : (New Delhi) भारत-नेपाल व्यापार महोत्सव (India-Nepal Trade Festival) का दूसरा संस्करण शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधाानी नई दिल्ली (national capital, New Delhi)...

Explore our articles