गुवाहाटी : (Guwahati) मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा (Chief Minister Dr. Himanta Biswa Sarma) के नेतृत्व में भाजपा सरकार द्वारा असम को अग्रणी राज्य बनाने के लिए किए जा रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर विभिन्न विपक्षी दलों के नेता और कार्यकर्ता अब भाजपा में शामिल हो रहे हैं। बशिष्ठ स्थित असम प्रदेश भाजपा कार्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में मंगलवार को आयोजित एक कार्यक्रम में कई नेता भाजपा में शामिल हुए।
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया और मंत्री जयंत मल्ल बरुवा (BJP state president Dilip Saikia and minister Jayanta Malla Baruah) की उपस्थिति में कई विपक्षी नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। शामिल होने वालों में छात्र मुक्ति संग्राम समिति के महासचिव प्रांजल कलिता, आम आदमी पार्टी महिला प्रकोष्ठ की महासचिव और गुवाहाटी नगर निगम की पार्षद मसूमा बेगम, असम गण परिषद की वार्ड नं. 10 की पार्षद कल्पना दास और असम प्रदेश कांग्रेस की अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ की महासचिव अंजली ब्रह्म प्रमुख रहीं। इसके अलावा कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के कई नेता-कार्यकर्ता भी भाजपा में शामिल हुए।
भाजपा के उपाध्यक्ष अशोक भट्टाचार्य ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी की विचारधारा से अवगत कराया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया (BJP State President Dilip Saikia) ने कहा कि पार्टी में प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता की अहमियत होती है। उन्होंने कहा, “सभी कार्यकर्ताओं को काम करने का मौका मिलेगा और प्रदर्शन की निगरानी के लिए व्यवस्था भी है।” उन्होंने यह भी कहा कि कार्यकर्ताओं के बलिदान और जनता के प्रेम से ही भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है।
मंत्री जयंत मल्ल बरुवा ने नए सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की मूल भावना “राष्ट्र प्रथम, पार्टी द्वितीय और स्वयं तृतीय” है। उन्होंने कहा कि गुवाहाटी नगर निगम अब विपक्षमुक्त हो चुका है। इस मौके पर भाजपा के सांगठनिक महासचिव आर रविंद्र राजू और गुवाहाटी के महापौर मृगेन शरणियां भी उपस्थित थे।


