गोपेश्वर : उत्तराखंड के चमोली जिले के चोपता-गोपेश्वर मोटर मार्ग पर मंडल के पास जड़ी बूटी शोध संस्थान से कुछ आगे केदारनाथ धाम की यात्रा कर लौट रहे उत्तर प्रदेश के तीर्थयात्रियों का एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें चालक सहित 11 तीर्थ यात्री सवार थे, जिसमें दस तीर्थ यात्री घायल हो गये। इनमें से एक की हालत गंभीर बतायी जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर प्रशासन, पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंच कर रेस्क्यू अभियान चलाया और घायलों को घटनास्थल से बाहर निकाल कर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा है। वाहन चालक को छोड़कर सभी तीर्थ यात्री उत्तर प्रदेश के बताए गए हैं।
शनिवार की सायं को केदारनाथ धाम की यात्रा कर लौट रहा है एक टैंपो ट्रैवलर मंडल स्थित जड़ी बूटी शोध संस्थान से कुछ आगे अनियंत्रित होकर दो सौ मीटर नीचे खाई में जा गिरा, जिससे वाहन में सवार 11 तीर्थ यात्रियों में से नौ तीर्थ यात्री घायल हो गये है। घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लाया गया है जहां उनका उपचार चल रहा है।
इन घायलों में नमन (22) पुत्र संजय रस्तोगी निवासी बदायूं, थाना दप्पू, अनुग्य रस्तोगी (29) पुत्र संजय रस्तोगी, अनन्य रस्तोगी (17) पुत्र महेश रस्तोगी, मौलिक रस्तोगी पुत्र शैलेश रस्तोगी, ध्रुव रस्तोगी (17) पुत्र विक्रांत, ग्राम मवाना, मेरठ, मिस्टी रस्तोगी (19) पुत्री विक्रम रस्तोगी, अभिषेक रस्तोगी, प्रखर और शैली और चालक आलोक पुत्र बाबू लाल निवासी हरिद्वार सहित कुल दस लोग हैं। गंभीर घायल प्रखर को हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है।


