डूंगरपुर:(Dungarpur) जिले के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबी दिनेश खोड़निया और उनके समधी अशोक जैन के निवास पर प्रवर्तन निदेशालय की रेड शुक्रवार रात करीब एक बजे तक चली। इस दौरान ईडी की दो अलग-अलग टीमों ने कांग्रेसी नेता दिनेश खोड़निया और उनके समधी अशोक जैन के यहां राजस्थान लोक सेवा आयोग पेपर लीक प्रकरण में में आरोपित भूपेंद्र सारण से रिमांड के दौरान मिले इनपुट और सबूतों के आधार पर दिनभर छानबीन और पूछताछ की। ईडी की खोड़निया से पूछताछ बारह घंटे चली, हालांकि छानबीन और पूछताछ में क्या निकलकर आया अभी फिलहाल इस बारे में ईडी की ओर से कोई जानकारी नहीं मिली है।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबी व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिनेश खोड़निया और उनके रिश्तेदार अशोक जैन के घर छापेमारी की कार्रवाई की थी। खोड़निया की सिफारिश पर ही प्रकरण में प्रमुख आरोपित बाबूलाल कटारा को आरपीएससी में सदस्य पद पर नियुक्ति मिली थी। ऐसे में उनकी नियुक्ति को लेकर लेनदेन के भी आरोप लगे थे। ईडी इन्हीं मामलों को लेकर छानबीन कर रही है।



