धौलपुर: (Dholpur) धौलपुर पुलिस (Dholpur police) ने एक बडी कार्रवाई करते हुए 25 हजार के इनामी दस्यु लालू ठाकुर को गिरफ्तार किया है। बुधवार देर रात को पुलिस ने जिले के सैपउ थाना इलाके में पार्वती नदी के बीहड में इस कार्रवाई को अंजाम दिया। गिरफ्तार किए गए दस्यु लालू ठाकुर ने अपने अन्य साथियों के साथ में बीते साल 22 दिसंबर को करीमपुर गांव स्थित पेट्रोल पंप पर लूटपाट के इरादे से फायरिंग कर दहशत फैलाई थी। इस वारदात के बाद में लालू ठाकुर सहित अन्य बदमाश फरार हो गए थे।
जिला पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस ने पार्वती नदी के बीहड क्षेत्र में सैपउ बाईपास इलाके में कार्रवाई करते हुए दस्यु लालू ठाकुर को गिरफ्तार किया है। बुधवार रात को पुलिस तंत्र को यह सूचना मिली कि दस्यु लालू ठाकुर सैपऊ थाना इलाके में पार्वती नदी के पास बाईपास पर किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहा है। तभी साइबर सेल की टेक्निकल पुलिस टीम तथा सैपउ थाना पुलिस ने उसे धर दबोचा। करीब 24 वर्षीय दस्यु लालू ठाकुर पुत्र सूरत राम ठाकुर निवासी बीलोनी थाना कंचनपुर जिला धौलपुर की गिरफ्तारी पर 25 हजार का इनाम घोषित है। गिरफ्तार किए गए दस्यु लालू ठाकुर के खिलाफ हत्या के प्रयास, डकैती, चोरी एवं छेड़छाड़ जैसे संगीन धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
उन्होंने बताया 22 दिसंबर 2023 को करीमपुर गांव स्थित पेट्रोल पंप पर कुछ बदमाशों द्वारा लूटपाट के इरादे से फायरिंग कर दहशत फैलाई थी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए थे। इन बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। पेट्रोल पंप पर फायरिंग के मामले में दस्यु लालू ठाकुर समेत पांच बदमाशों पर 25- 25 का इनाम भी घोषित किया था। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश पुलिस को गुमराह कर ठिकाने बदल-बदल कर छिप रहे थे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस की टीम ने गिरफ्तार किए गए दस्यु लालू ठाकुर से पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ में महत्वपूर्ण एवं संगीन वारदातों के भी खुलासे हो सकते हैं। बताते चलें कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले में भी अपराधियों की धरपकड के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला पुलिस द्वारा बीते तीन दिन में करीब 900 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है।


