
धेमाजी (असम) : (Dhemaji) असम के धेमाजी जिले के हाहचरा क्षेत्र में रविवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में भारतीय स्टेट बैंक (State Bank of India) (SBI) धेमाजी शाखा के दो कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान एसबीआई धेमाजी शाखा (SBI Dhemaji branch) के कैशियर हिरकज्योति मिली तथा अकाउंट्स स्टाफ रातुल कोंवर के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों एक वाहन से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण वाहन सड़क से फिसलकर पानी में जा गिरा।
हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस दुखद घटना से बैंक कर्मियों, परिजनों तथा स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।





