धर्मशाला : धर्मशाला की दो सगी बहनों ने राष्ट्रीय स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर हिमाचल का नाम रोशन किया है। यह दोनों बहनें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्रा स्कूल धर्मशाला की छात्राएं हैं। चंडीगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में इन दोनों सगी बहनों ने अलग अलग वर्ग में जीत के झंडे गाड़े हैं। इस प्रतियोगिता में भारत व नेपाल की ही टीमें शामिल थीं। इसी में दोनों बहनों मालवी व मानवी ने रजत पदक प्राप्त कर प्रदेश व अपने स्कूल का नाम रोशन किया है। अब इसके बाद मालवी चैहान फ्रांस में होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय पैरालंपिक में भी अपना दमखम दिखाने वाली है।
उधर स्कूल के प्रधानाचार्य संजय मोगू ने बताया कि इन दोनों बहनों ने राष्ट्रीय स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर रजत पदक जीते हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी इन्होंने विभिन्न स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक हासिल किए हैं। संजय मोगू ने बताया कि इन दोनों की उपलब्धि से धर्मशाला स्कूल का नाम ही नही बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन हुआ है। उन्होंने बताया कि बड़ी बहन मालवी चैहान फ्रांस में होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय पैरालंपिक में भी भारत की ओर से हिस्सा लेंगी जो उसके साथ ही उसके परिजनों और स्कूल के लिए गर्व की बात है।


