धमतरी : (Dhamtari) पेजजल पाइप लाईन के माध्यम से होने वाली पानी की सप्लाई बाधित होने के चलते शहर में पेयजल की समस्या बनी हुई है। इसके चलते लोगों को पेयजल के लिए मशक्क्त करनी पड़ रही है। कई घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। लोगों को राहत देने नगर निगम द्वारा पानी टैंकर के माध्यम से जलापूर्ति की जा रही है।
नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत रहने वाले लोगों को पाईप लाईन के माध्यम से घरों तक पानी पहुंचाया जाता है। पिछले एक सप्ताह से पानी की सप्लाई बाधित है। बनियापारा, सोरिद, सरदार वल्लभ भाई पटेल, टिकरापारा समेत अधिकांश वार्डों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इधर 14 जून से 19 जून तक शहर के 10 ओव्हरहेड टैंकों में सफाई कार्य शुरू हो गया है। जिसका असर सप्लाई पर भी पड़ रहा है। वार्ड के जगतराम साहू, पवन देवांगन, सुरेश साहू का कहना है कि उन्हें सप्ताह भर से सही ढंग से पानी नहीं मिल रहा है। जबकि गर्मी बढ़ गई है। घर में टैंकर के माध्यम से पानी मिल रहा है जो पर्याप्त नहीं है। घरों में गर्मी के कारण है। पानी की खपत भी बढ़ गई है। जब वार्डों में टैंकर पहुंचता है तब लोग अपने घरों के सामने पानी भरने के बर्तन लेकर इंतजार में खड़े रहते हैं।
उल्लेखनीय है कि शहर के कुछ वार्डों में गर्मी के शुरूआती महीने से पानी टैंकर से जलापूर्ति की जा रही है। जानकारी के अनुसार इतवारी बाजार, गायत्री मंदिर, सेंचुरी गार्डन, बठेना, जालमपुर, महिमासागर, सोरिदवार्ड, कांटातालाब सुभाष नगर की टंकी की सफाई शुरू हो गई है। सोरिद डिपोपारा में टुल्लू पंप के कारण पानी कम पहुंच रहा है। यहां नया पाईप लाईन का विस्तार हो रहा है। इसके अलावा सरदार वल्लभभाई पटेल वार्ड में वाटर लेवल कम हो गया है। यहां भी टेंकर भेजा जा रहा है। नवांगांव के ओव्हरहेड टेंक से पाईप लाईन जुड़ने पर पानी सप्लाई हो सकेगी।
इस संबंध में जल विभाग के प्रभारी सदस्य व नगर निगम धमतरी के एमआईसी मेंबर अखिलेश सोनकर ने कहा कि शहर में पेयजल की गंभीर समस्या नहीं है। केनाल मरम्मत के कारण वाटर संयंत्र में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। जिसके कारण सप्लाई कम हो रही है। बहुत जल्द व्यवस्था में सुधार कर लिया जाएगा।





