धमतरी:(Dhamtari) सड़क में बैठे मवेशियों के कारण हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कई बड़ी दुर्घटनाएं भी इस कारण से हुई हैं। सड़क में बैठे मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए लिए प्रशासन भी अब गंभीरता बरत रहा है। जिला प्रशासन के निर्देश पर निगम द्वारा मवेशी धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है, जिसका असर भी देखने को मिल रहा है।
कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी ने बेसहारा मवेशियों के कारण होने वाले दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए है। कलेक्टर रघुवंशी के निर्देश पर पशुधन विकास विभाग, नगर निगम एवं ग्राम पंचायतों के सहयोग से अभियान चलाकर नियमित रूप से कार्यवाही की जा रही है। बैठक में कलेक्टर ने पशुओं के गले एवं सींग में रेडियम बेल्ट एवं रेडियम पट्टी लगाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सड़क पर मवेशियों को खुला छोड़ने वाले पशु पालको पर कार्यवाही करने और अर्थदंड लगाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। पशुधन विकास विभाग के अधिकारी ने बताया कि रेडियम बेल्ट-रेडियम पट्टी अंधेरे में लाइट पड़ने पर से चमकता है, पशुओं में इसे लगाने से वाहन चालक दूर से मवेशियों को देख पाते है और अपने वाहन तथा जानवरों को बचा सकते है। इससे रात में होने वाली दुर्घटनाओं की संभावना कम हो जाती है। पशुधन विकास विभाग की टीम द्वारा पशुओं में टैगिंग का कार्य किया जा रहा है। पशु की पहचान के लिए उनके कान पर एक पीले रंग का टैग लगाया जाता है। टैग पर अंकित नंबर के माध्यम से पशुओं की नस्ल, स्वास्थ्य आदि की जानकारी साफ्टवेयर में डाली जाती है, ताकि पशुओं की पहचान और उनसे संबंधित जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके।
जिले में अब तक 100 मवेशियों में की गई इयर टेगिंग
उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं ने बताया कि चारों विकासखंडों एवं राजमार्गाें में सड़कों पर विचरण करने वाले पशुओं को धर पकड़ कर रेडियम बेल्ट, रेडियम पट्टी एवं इयर टेगिंग लगाने एवं व्यवस्थापन का कार्य किया जा रहा है। अब तक कुरूद विकासखंड अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग में 30 मवेशियों पर रेडियम बेल्ट, कुरूद नगरीय क्षेत्र में 39 मवेशियों की टेगिंग और 44 रेडियम बेल्ट लगायी गई है। वहीं जिले में अब तक 100 मवेशियों में टेगिंग, 113 पशुओं में रेडियम बेल्ट तथा 70 पशुओं को व्यवस्थापित किया गया है।
निगम ने पकड़े 50 मवेशी
नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार रोका-छेका अभियान चलाते हुए नगर निगम धमतरी ने राष्ट्रीय राजमार्ग 30 के अलावा विभिन्न वार्डों की गलियों से अब तक 50 मवेशी पकड़े हैं। नगर निगम के मवेशी धरपकड़ अभियान प्रभारी दीपक पांडे ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। शहर व विभिन्न वार्डों की गलियों से पकड़े गए मवेशियों को ग्राम पंचायत अर्जुनी के कांजी हाउस में रखा जा रहा है।


